'स्वाइन फ़्लू को लेकर सतर्कता ज़रूरी'

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि स्वाइन फ़्लू की रोकथाम के प्रयासों में कमी नहीं लाई जानी चाहिए क्योंकि सुस्त लग रहे वायरस फिर सक्रिय हो सकते हैं. संगठन का कहना है कि दुनिया के पाँच महादेशों और 18 देशों में अभी तक स्वाइन फ़्लू के लगभग 900 मामलों की पुष्टि हो चुकी है इसलिए सभी देशों में सरकारों को सतर्क रहना चाहिए.
संगठन ने कहा है कि वायरसों की सक्रियता अक्सर घटती-बढ़ती रहती है और अभी ये कहना जल्दीबाज़ी होगा कि मेक्सिको में ये बीमारी अपनी चरम सीमा पर पहुँच चुकी है. संगठन ने ये चेतावनी मेक्सिको के स्वास्थ्य अधिकारियों की इन टिप्पणियों के बाद दी है जिनमें कहा जा रहा था कि स्वाइन फ़्लू के वायरस अब कम हो रहे हैं.
इस रोग का प्रारंभ मेक्सिको के हुआ था जहाँ समझा जाता है कि इससे 100 से अधिक लोग मारे गए हैं, हालाँकि पुष्टि केवल 22 मामलों की हुई है.
बयान और चेतावनी
इस बात की पूरी संभावना है कि ये वायरस फिर लौटेगा, ख़ास तौर पर ठंडे मौसम में ग्रेगरी हार्टल, अधिकारी, विश्व स्वास्थ्य संगठन.
| |
रविवार को मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्री ख़ोसे आंखेल कॉर्डोवा ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि स्वाइन फ़्लू के वायरस 23 से 28 अप्रैल के बीच सबसे अधिक सक्रिय थे. उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा,"ये महामारी अब घटने की अवस्था में पहुँच गई है ".
इसके बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि ऐसा हो सकता है कि इस रोग के वायरस फ़िलहाल सक्रियता की सर्वोच्च सीमा पर जाने के बाद सुस्त पड़ रहे हों लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि वे समाप्त हो गए हैं. संगटन के अधिकारी ग्रेगरी हार्टल ने कहा,"इस बात की पूरी संभावना है कि ये वायरस फिर लौटेगा, ख़ास तौर पर ठंडे मौसम में".
इस बीच अमरीका में अधिकारियों ने कहा है कि स्वाइन फ़्लू देश के 30 राज्यों को प्रभावित कर चुका है और जल्दी ही पूरा अमरीका इसकी गिरफ़्त में आ सकता है. अमरीकी अधिकारियों ने कहा है कि वहाँ एक दिन के भीतर स्वाइन फ़्लू के पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 160 से 226 हो गई है और अभी कई प्रदेशों से जाँच की रिपोर्ट आनी है जिनके बाद ये संख्या बढ़ सकती है.


Click it and Unblock the Notifications