नेपाल में तूफान से 15 की मौत (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक छह जिलों से नागरिकों के मौत की खबरें मिली हैं। इनमें से ज्यादातर मौतें घरों, दीवारों और पेड़ों के गिरने के कारण हुई है।
पुलिस के अनुसार राउतहाट जिले में मकान की छत गिरने के कारण चार बच्चों सहित कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
राउतहाट जिले के पुलिस अधीक्षक घनानंद भट्ट ने कहा, "मलबा गिरने व मकान ढहने के कारण 70 से भी अधिक लोग घायल हो गए हैं।"
पुलिस के मुताबिक जिले के चार गांवों में लगभग 400 मकान तूफान के कारण ध्वस्त हो गए हैं।
पुलिस ने कहा है कि इसके अलावा पड़ोस के पारसा जिले में तीन, कपिलवस्तु जिले में दो तथा महोत्तरी व सरलाही जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गोरखा जिले में दो अन्य लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गई।
नेपाल के मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि तूफान का रुख अब उत्तर भारत की ओर मुड़ गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications