काम के दबाव के बावजूद मतदान करेंगे बीपीओ कर्मचारी
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीपीओ में काम करने वाले कर्मचारी काम के दबाव और भारी व्यस्तता के बावजूद आगामी सात मई को मतदान के लिए तैयार हैं। हालांकि ज्यादातर बीपीओ कर्मचारियों को इस दिन छुट्टी नहीं मिली है।
गुड़गांव स्थित आईबीएम की कर्मचारी अदिति गुप्ता (22 वर्ष)का कहना है कि मतदान से पहले वह पूरी रात ड्यूटी करेंगी और फिर अगले दिन वह अपने दोस्तों के साथ मतदान करने जाएंगी।
बीपीओ कंपनी जेनपैक्ट के सहायक प्रबंधक पुनीत रहेजा ने आईएएनएस से कहा, "मैं एक सुस्त व्यक्ति हूं और पहले सामान्य तौर पर मतदान नहीं करता था। परंतु इस बार मैं जरूर मतदान करूंगा क्योंकि हमारा देश कठिन दौर से गुजर रहा है।"
नोएडा स्थित एक बीपीओ कंपनी में कार्यरत विदुशी भाटिया (20 वर्ष) कहती हैं कि वह सात मई को किसी भी सूरत में मतदान करेंगी।
सॉफ्टवेयर उद्योग की संस्था 'नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विसेज कंपनीज' (नैसकॉम) के मुताबिक देश में बीपीओ उद्योग में इस समय 11 लाख से अधिक लोग काम कर रहे हैं। इस उद्योग में 24 घंटे काम होता है और इसी वजह से कर्मचारी मतदान नहीं कर पाते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications