बाघों के गायब होने पर पन्ना के लोग सड़कों पर उतरे
पन्ना, 4 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के बाघ विहीन होने के खुलासे ने स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है और वे राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन के खिलाफ सड़कों पर उतर गए हैं। पुतला फूककर लोगों ने इन हालातों के लिए प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।
अभी हाल ही में पन्ना आए केंद्रीय जांच दल के मुखिया पी़ क़े सेन द्वारा पन्ना को दूसरा सरिस्का बताए जाने के बाद से स्थानीय लोग गुस्से में हैं। उनका कहना है कि पिछले पांच साल से राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन बाघों के मौजूद होने की बात कहता आ रहा है मगर हकीकत कुछ और है जो केंद्रीय जांच दल ने बयां की है।
पन्ना राष्ट्रीय उद्यान को बाघ विहीन बनाने के लिए स्थानीय लोग प्रबंधन को जिम्मेदार ठहरा रहे है। उनका कहना है कि जब सुरक्षा के नाम पर प्रबंधन लाखों रुपए खर्च कर रहा है तो फिर दो दर्जन बाघ कैसे गायब हो गए। इसी को लेकर कांग्रेस विधायक श्रीकान्त दुबे के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने पुतला फूंका। उनकी मांग है कि पिछले पांच साल की अवधि में तैनात रहे अमले से बाघों के गायब होने का जवाब मांगा जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो। वन्य प्राणी प्रेमियों की मांग है कि बाघों के गायब होने की केन्द्रीय जॉच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराई जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications