कांग्रेस, सपा और बसपा ने हमेशा मुसलमानों को छला : मोदी
अलीगढ़ में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने हमेशा ही मुसलमानों के साथ छल किया। इन दलों ने वोट बैंक के नाम पर उन्हें इस्तेमाल करने के अलावा उनकी बेहतरी और उनके विकास के लिए कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि वोट बैंक के लिए सच्चर कमेटी के नाम पर कांग्रेस देश के मुसलमानों को गुमराह कर रही है। मोदी ने दावा किया कि गुजरात में रहने वाले मुसलमान सबसे अधिक तरक्की कर रहे हैं और वे देश के अन्य राज्यों के मुकाबले ज्यादा खुशहाल हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को एक बार फिर कमजोर प्रधानमंत्री करार देते हुए मोदी ने कहा कि पाकिस्तान के अशांत कबायली इलाके में तालिबान आतंकियों द्वारा प्रताड़ित किए जा रहे सिखों के लिए प्रधानमंत्री ने अभी तक कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री जी खुद सिख समुदाय से हैं। उनको आगे बढ़ कर अपने लोगों की सुरक्षा करनी चाहिए। लेकिन बगैर कोई आवश्यक कदम उठाने के वह चुपचाप बैठे हैं। यह उनकी कमजोरी को दर्शाता है।"
मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री की कमजोरी इस बात से भी साबित हो जाती है कि उनकी सरकार के मंत्री रामविलास पासवान बांग्लादेशी नागरिकों को भारत की नागरिकता और मतदान का अधिकार देने की बात करते हैं, इस पर हमारे प्रधानमंत्री कड़ा रुख अख्तियार करने के बजाय ढुलमुल रवैया अपनाते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बांग्लादेशी घुसपैठ की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। देश की सुरक्षा के लिए यह बहुत बड़ा खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार देश को गुलामी की तरफ ढकेल रही है।
सपा और बसपा पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि दोनों गुंडों की पार्टियां हैं। पहले गुंडे साइकिल से आते थे, अब हाथी पर चढ़ कर आ रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications