पाकिस्तान में स्वात शांति समझौता खत्म (लीड-1)
सैन्य अभियान के कारण तालिबान के आतंकवादियों ने जहां पूरे देश में हमलों की धमकी दी है वहीं सूफी मुहम्मद ने पूरे देश में इस्लामी कानून लागू करने का संकल्प जताया।
प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के प्रवक्ता मुस्लिम खान ने समाचार पत्र 'द न्यूज' को बताया, "उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) के साथ हमारा शांति समझौता व्यावहारिक रूप से खत्म हो गया है। सुरक्षा बल हम पर हमला कर रहे हैं और हमारे लड़ाके उनका जवाब दे रहे हैं।"
खान ने चेतावनी दी कि तालिबान पूरे देश में सुरक्षा बलों और सरकार के महत्वपूर्ण लोगों पर हमला करेगा। उसने कहा कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ और कार्रवाई करने के अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के निर्देश का पालन कर रही है।
खान ने कहा, "यदि एनडब्ल्यूएफपी में सत्तारूढ़ अवामी नेशनल पार्टी (एएनपी) ने हमारा समर्थन किया तो हम उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। यदि उन्होंने सरकार का साथ दिया तो वे भी हमारा निशाना बनेंगे।"
उसने कहा कि तालिबान का प्रमुख निशाना सुरक्षा बल और पाकिस्तान के शासक हैं। तालिबान कई शहरों में सक्रिय है लेकिन वह आम लोगों को निशाना नहीं बनाएगा।
स्वात शांति समझौते के बारे में पूछे जाने पर एएनपी के प्रवक्ता और सीनेट सदस्य जाहिद खान ने कहा कि समझौता तहरीक-ए-निफाज-ए-शरीयत-ए-मुहम्मदी (टीएनएसएम) के मौलाना सूफी मुहम्मद के साथ हुआ है स्वात के तालिबान के साथ नहीं।
उधर, सूफी मुहम्मद ने कहा कि लोकतंत्र और शरिया में बहुत भारी अंतर है। उसने कहा कि काजी हुसैन अहमद, मौलाना फजलुर रहमान और मौलाना समीउल हक सहित कई धार्मिक नेता लोकतंत्र में ही शरिया लागू करने का रास्ता खोजने का प्रयास कर रहे हैं, जो गलत है। उसने कहा कि शरिया लागू करने के लिए वह अपना प्रयास जारी रखेगा।
उल्लेखनीय है कि सूफी मुहम्मद ने 16 फरवरी को उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत की सरकार के साथ स्वात घाटी और मलकंद डिविजन के छह अन्य जिलों में शरिया कानून लागू करने के समझौते की मध्यस्थता की थी। इसके बदले में तालिबान को हथियार डाल देने थे।
तालिबान ने 15 अप्रैल को समझौते के अस्तित्व में आने के तुरंत बाद इसका उल्लंघन करते हुए बुनेर जिले पर कब्जा कर लिया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने 26 अप्रैल को निचले दीर जिले और उसके बाद बुनेर में कार्रवाई की और 150 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications