तालिबान ने कहा, स्वात शांति समझौता खत्म
प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के प्रवक्ता मुस्लिम खान ने समाचार पत्र 'द न्यूज' को बताया, "उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) के साथ हमारा शांति समझौता व्यावहारिक रूप से खत्म हो गया है। सुरक्षा बल हम पर हमला कर रहे हैं और हमारे लड़ाके उनका जवाब दे रहे हैं।"
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुस्लिम खान ने स्वात में बाहरी तत्वों की मौजूदगी से इंकार किया।
खान ने चेतावनी दी कि तालिबान पूरे देश में सुरक्षा बलों और सरकार के महत्वपूर्ण लोगों पर हमला करेगा। उसने कहा कि सरकार आतंकवाद के खिलाफ और कार्रवाई करने के अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के निर्देश का पालन कर रही है।
खान ने कहा, "यदि एनडब्ल्यूएफपी में सत्तारूढ़ अवामी नेशनल पार्टी (एएनपी) ने हमारा समर्थन किया तो हम उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। यदि उन्होंने सरकार का साथ दिया तो वे भी हमारा निशाना बनेंगे।"
उसने कहा कि तालिबान का प्रमुख निशाना सुरक्षा बल और पाकिस्तान के शासक हैं। तालिबान कई शहरों में सक्रिय है लेकिन वह आम लोगों को निशाना नहीं बनाएगा।
स्वात शांति समझौते के बारे में पूछे जाने पर एएनपी के प्रवक्ता और सीनेट सदस्य जाहिद खान ने कहा कि समझौता तहरीक-ए-निफाज-ए-शरीयत-ए-मुहम्मदी (टीएनएसएम) के मौलाना सूफी मुहम्मद के साथ हुआ है स्वात के तालिबान के साथ नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications