बागियों व निर्दलियों ने किया कांग्रेस-भाजपा की नाम में दम
जयपुर, 4 मई (आईएएनएस)। राजस्थान में भारी संख्या में चुनाव लड़ रहे बागी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने दोनों प्रमुख दलों कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों की नाम में दम कर दिया है।
बागियों व निर्दलियों के अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवारों ने भी कम से कम आठ संसदीय सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को मुश्किलों में डाल दिया है।
दौसा संसदीय सीट पर बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे किरोड़ीलाल मीणा यहां से कांग्रेस और भाजपा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस सीट पर वास्तविक लड़ाई मीणा और निर्दलीय उम्मीदवार कमर रब्बानी चेची के बीच है।
जालौर संसदीय सीट पर कमोबेश ऐसे ही हालात हैं। कांग्रेस का टिकट न मिलने से नाराज पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार संध्या चौधरी और भाजपा उम्मीदवार देवजी पटेल दोनों के लिए मुश्किलें पैदा कर दी हैं।
इसी प्रकार सीकर संसदीय सीट पर माकपा उम्मीदवार आम्राराम ने मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। भाजपा ने सुभाष महारिया और कांग्रेस ने महादेव सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।
नागौर, पाली, श्रीगंगानगर, बीकानेर और जयपुर ग्रामीण संसदीय सीट पर भी कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों के लिए निर्दलीय व बागी उममीदवार परेशानी का सबब बन गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications