नेपाल में विपक्ष ने मांगा प्रधानमंत्री का इस्तीफा
काठमांडू, 4 मई (आईएएनएस)। नेपाल सरकार द्वारा सेना प्रमुख जनरल रुक्मांगद कटवाल को कथित अवज्ञा के कारण हटाए जाने और सरकार के दो सहयोगियों द्वारा साथ छोड़ने के बाद मुख्य विपक्षी दल ने प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' से इस्तीफे की मांग की है।
इस बीच राष्ट्रपति रामबरन यादव ने सरकार के कदम को असंवैधानिक बताते हुए कटवाल से पद पर बने रहने को कहा है।
पूर्व मंत्री और मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस (एनसी) के नेता प्रकाश मान सिंह ने कहा, "दो सहयोगियों द्वारा साथ छोड़ देने के बाद माओवादियों के नेतृत्व वाली सरकार अब अल्पमत में आ गई है।"
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पार्टी को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं रह गया है। हमारी पार्टी ने प्रधानमंत्री प्रचंड से इस्तीफा मांगने का निर्णय लिया है ताकि एक सर्वसम्मत सरकार का गठन किया जा सके।
माओवादियों और सेना प्रमुख के बीच पिछले लगभग दो महीने से चले आ रहे संघर्ष के बाद रविवार को सरकार ने सेना प्रमुख को हटाने की घोषणा की थी। इस घोषणा के तत्काल बाद सरकार के सहयोगी दलों ने तीखा विरोध किया और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल-यूनीफाइड मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट (यूएमएल) और सद्भावना पार्टी ने सरकार से अलग होने का एलान किया।
सरकार को दूसरा झटका उस समय लगा जब राष्ट्रपति राम बरन यादव ने देर रात एक आदेश जारी कर सेनाध्यक्ष को अपने पद पर बने रहने को कहा। उन्होंने कहा था कि कटवाल को हटाने का आदेश असंवैधानिक और गैरकानूनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications