तलाक़ चाहती हैं बर्लुस्कोनी की बीवी

वेरोनिका लारियो के हवाले से यह कहा गया है कि उन्होंने यह क़दम उठाने का इसलिए फ़ैसला किया क्योंकि उन्होंने ऐसी रिपोर्टें पढ़ी कि उनके पति नेपल्स में एक युवती के 18वें जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे.
ऐसी भी रिपोर्टें हैं कि उन्होंने यह भी कहा है कि वे ऐसे आदमी के साथ नहीं रह सकती, जो कम उम्र की महिलाओं से मेल-जोल रखता है.
72 वर्षीय अरबपति प्रधानमंत्री बर्लुस्कोनी ने तलाक़ की रिपोर्टों पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. 19 साल पहले बर्लुस्कोनी ने वेरोनिका से शादी की थी. दोनों के तीन बच्चे भी हैं.
झड़प
वेरोनिका लारियो प्रधानमंत्री बर्लुस्कोनी की दूसरी बीवी हैं और अभिनेत्री रह चुकी हैं. कुछ दिन पहले ही दोनों के बीच सार्वजनिक रूप से झड़प हो गई थी.
वजह थी बर्लुस्कोनी की पार्टी की वो योजना, जिसके तहत यूरोपीय चुनाव के लिए महिला उम्मीदवारों को चुना जाना था.
इटली की एक समाचार एजेंसी को भेजे ई-मेल में वेरोनिका लारियो ने कहा था कि योजना 'बेशर्म बकवास' है और 'एक शहंशाह के मनोरंजन' के लिए ऐसा किया जा रहा है.
उस समय प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी ने कहा था कि उनकी पार्टी महिला उम्मीदवारों का चयन इसलिए करना चाहती थी ताकि पार्टी ऐसे लोगों के साथ अपना राजनीतिक वर्ग फिर से शुरू करे, जो संस्कारी और अच्छी तरह तैयार हैं.
दो वर्ष पहले बर्लुस्कोनी ने युवा तारिकाओं के साथ फ़्लर्ट करने के लिए सार्वजनिक रूप से अपनी पत्नी से माफ़ी मांगी थी.


Click it and Unblock the Notifications