सीईओ क्लब्स की नई शाखा बेंगलुरू में
बेंगलुरू, 3 मई (आईएएनएस)। पूरी दुनिया में मुख्य कार्यकारी अधिकारियों का विशिष्ट क्लब 'सीईओ क्लब्स' सोमवार को बेंगलुरू में अपनी नई शाखा शुरू करेगा। इसका उद्देश्य वैश्विक उद्यमों का संचालन कर रहे क्लब के सदस्यों को अपने अनुभवों और विचारों के आदान-प्रदान के लिए मंच प्रदान करना है।
भारत में दिल्ली के बाद बेंगलुरू में सीईओ क्लब्स की दूसरी शाखा के शुरू होने के अवसर पर वैश्विक मंदी के प्रभाव और उससे निपटने के उपायों पर एक परिचर्चा का आयोजन होगा।
सोमवार को सीईओ क्लब्स के संस्थापक अध्यक्ष जोसेफ मांकुसो, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा और चुनिंदा मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की उपस्थिति में बेंगलुरू में सीईओ क्लब्स की शाखा का शुभारंभ होगा।
किर्लोस्कर इलेक्ट्रिक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक विजय आर.किर्लोस्कर तथा केपीएमजी इंडिया के सदस्य प्रदीप कनाकिया बेंगलुरू शाखा की बोर्ड के सलाहकार सदस्य हैं।
इस अवसर एयर डेक्कन संस्थापक जी.आर.गोपीनाथ परिचर्चा का संचालन करेंगे।
न्यूयार्क में वर्ष 1977 में स्थापित सीईओ क्लब्स अपने सदस्यों के अनुभवों और विकास के आदान-प्रदान से क्लब्स के सदस्यों की कंपनियों के उत्पादों की गुणवत्ता और मुनाफे में वृद्धि के प्रयासों को समर्पित है।
इस गैर मुनाफा संस्था में करीब 40,000 मुख्य कार्यकारी अधिकारी और उद्यम सदस्य हैं।
यह संस्था वर्ष 1978 में वैश्विक बनी और चीन,फिलीपींस,संयुक्त अरब अमीरात,दक्षिण कोरिया तथा वियतनाम में इसकी कई शाखाएं हैं।
संस्था की वेबसाइट के अनुसार 20 लाख डॉलर वार्षिक बिक्री वाले व्यापारिक संस्थान इसके सदस्य होने के योग्य हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications