फिलीपींस में तूफान से कम से कम 10 मरे, 15 लापता
मनीला, 3 मई (आईएएनएस)। फिलीपींस के पूर्वी हिस्से में तूफान की वजह से हुए भूस्खलन और बाढ़ की चपेट में आकर कम से कम 10 लोग मारे गए जबकि 15 लापता हो गए। यह जानकारी फिलीपींस के नागरिक रक्षा कार्यालय (ओसीडी)ने रविवार को दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार राजधानी मनीला से 375 किलोमीटर दक्षिण में सोर्सोगोन प्रांत के मैगालांस के एक गांव में भूस्खलन की वजह से सात लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि 15 लोग लापता बताए गए हैं। खराब मौसम की वजह से राहत कार्यो में बाधा आ रही है।
कैमारींस नोर्ते और क्वे जोन सूबों में बाढ़ की चपेट में आने से तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। ओसीडी के अनुसार तूफान से 13000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। तटरक्षकों द्वारा जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने की वजह से 4,400 से ज्यादा यात्री बंदरगाहों पर फंसे हुए हैं।
ओसीडी के अनुसार सोसोगोन में चट्टाने खिसकने की सूचना है जबकि तूफान प्रभावित कुछ इलाकों की बत्ती गुल हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार तूफान मजबूत हो चुका है और कम से कम सात सूबे उससे प्रभावित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications