अफगानिस्तान में हिंसा में 40 की मौत (लीड-2)
ताजा घटना दक्षिणी हेलमंद प्रांत के गेरिश्क जिले की है जहां मुख्य बाजार के समीप हुए विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें आठ वर्ष की एक बच्ची और 10 वर्ष का एक बच्चा शामिल है। जिले के मुख्य बाजार में एक मोटरसाइकिल पर बम रखा गया था।
प्रांत के गवर्नर दाऊद अहमदी ने कहा कि इस घटना में दो पुलिसकर्मी और पांच अन्य लोग घायल हो गए।
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने इससे पहले कहा था कि विस्फोट में तीन नागरिकों की मौत हुई है और आठ अन्य घायल हुए हैं।
उधर, रक्षा मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि पूर्वी कुनाल प्रांत के गजनी में शुक्रवार शाम एक सैन्य पोस्ट पर तालिबान आंतकवादियों द्वारा किए गए हमले में अफगान नेशनल आर्मी के चार जवान मारे गए, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
इससे बाद अफगानी कमांडो और अमेरिकी नेतृत्व वाले गठबंधन सेना को वहां तैनात किया गया। संयुक्त सेना ने 19 आतंकवादियों को मार गिराया।
बयान में कहा गया है कि मौके से 10 तालिबानियों के शव बरामद किए गए।
तालिबानी आतंकवादियों ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान में दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने कई अफगानी और गठबंधन सेना के जवानों को मार गिराया है और 13 जवानों को बंधक बना लिया है।
रक्षा मंत्रालय ने तालिबान के दावों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन कहा है कि क्षेत्र में कार्रवाई जारी है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक अलग बयान में कहा गया है कि गठबंधन सेना के सहयोग से सुरक्षा बलों ने पिछले तीन दिनों में दक्षिणी उरूजगान प्रांत के चारचेनो जिले में 12 तालिबानी आतंकवादियों को मार गिराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications