धौनी के भाई नरेन्द्र कर रहे हैं रांची के खराब चापाकलों की मरम्मत
भारी गर्मी की कारण राजधानी में जल स्तर गिरकर 15 से 40 फीट नीचे पहुंच गया है। अधिकांश चापाकल खराब पड़े हैं। अलबत्ता लोगों को पीने के पानी के लिए लंबी-लंबी कतारों में देखा जा सकता है।
लोगों की इस समस्या को देखते हुए धौनी ने चापाकलों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
गत शनिवार को राजधानी के हटिया क्षेत्र में तीन चापाकलों की मरम्मत कराने के बाद धौनी ने कहा, "मैं एक प्लम्बर का काम करके खुशी महसूस कर रहा हूं। यह हमारा पारम्परिक काम रहा है। मेरे पिताजी पंप ऑपरेटर थे। लोगों की प्यास बुझाने के लिए मैं चापाकलों की मरम्मत कर रहा हूं।"
हटिया में रहने वाली अनीता देवी ने धौनी के इस रुख पर कहा, "नरेन्द्र का यह रुख राज्य सरकार के लिए एक सीख है। वह भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के भाई हैं और चापाकल बना रहे हैं। हम यह कभी नहीं भूल सकते।"
ज्ञात हो कि नरेन्द्र पिछले महीने ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए हैं। उनके इस कदम को आगामी विधानसभा चुनाव के तहत मतदाताओं को रिझाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications