राजस्थान में मौसम के साथ बढ़ी चुनावी गर्मी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस के स्टार प्रचारक के तौर पर पार्टी की कमान संभाले हुए हैं तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मोर्चा संभाला हुआ है।
गहलोत अभी तक 120 से ज्यादा आम सभाएं कर चुके हैं और आने वाले दिनों में उनकी कई रैलियां होने वाली हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह यहां अब तक दो रैलियों को संबोधित कर चुके हैं जबकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी रविवार को यहां चुनावी दौरे पर आ रहे हैं।
भाजपा की ओर से पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज समेत अन्य कई नेता प्रचार कर चुके हैं। पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी भी रविवार को यहां एक चुनावी सभा का संबोधित करेंगे।
राजस्थान में तापमान फिलहाल 43 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच है। बढ़ते तापमान के चलते सभाओं व रैलियों में लोगों की भीड़ कम जुट रही है। इसलिए बढ़ती गर्मी नेताओं के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
राज्य की 25 संसदीय सीटों के लिए गुरुवार को 3.7 करोड़ मतदाता 348 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत तय करेंगे। प्रमुख उम्मीदवारों में कांग्रेस के मौजूदा सांसद सचिन पायलट, भाजपा सांसद मानवेन्द्र सिंह, केंद्रीय मंत्री शीशराम ओला और महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास प्रमुख हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications