दिल्लीः स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मरीज मिला

आरएमएल के चिकित्सा अधीक्षक एन.के. चतुर्वेदी ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे 35 वर्षीय एक व्यक्ति में फ्लू के कुछ लक्षण पाए गए। उसे अस्पताल के एक अलग वार्ड में भर्ती किया गया है।
चतुर्वेदी ने बताया, "हमने उसके चिकित्सीय नमूने ले लिए हैं और उन्हें जांच के लिए राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान(एनआईसीडी) भेज दिया गया है। इस व्यक्ति को अगले तीन दिनों तक गहन निगरानी में रखा जाएगा।" उन्होंने कहा कि उनका अस्पताल स्वाइन फ्लू के खतरे के मद्देनजर पूरी तरह तैयार है।
पांच अन्य लोगों की जांच की गई
उधर, टेक्सास से आए 25 साल के एक युवक को स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण दिखने के बाद राम मनोहर लोहिया आरएमएल में भर्ती कराया गया था लेकिन जांच के बाद इस रोग की पुष्टि नहीं हुई। अब उसे छुट्टी दे दी गई।
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिनों में पांच अन्य लोगों की जांच की गई लेकिन स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। फ्लू के खतरे को देखते हुए देश के सभी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर विदेश से आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications