भाजपा ने मुझे धोखे में रखाः कल्याण सिंह

एटा से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ रहे बागी भाजपा नेता ने बुलंदशहर में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा, "यह भाजपा नेताओं द्वारा मेरे खिलाफ रचा गया षडयंत्र था। मुझे इस (मस्जिद ढहाए जाने के) संबंध में अंधेरे में रखा गया।"
सिंह ने कहा कि उस समय भाजपा नेताओं ने उन्हें आश्वस्त किया था कि कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा,"भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने मुझसे कहा था कि कुछ नहीं होगा और मैंने उनका यकीन किया।" सिंह ने कहा, "पिछड़ी जाति का होने के कारण मैं भाजपा में स्वीकार्य नहीं था। मुझे निशाना बनाया गया।"
उल्लेखनीय है कि छह दिसम्बर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाए जाते वक्त कल्याण सिंह ही राज्य के मुख्यमंत्री थे। सिंह के इस वक्तव्य पर टिप्पणी करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि न्यायालय ने उन्हें मस्जिद ढहाए जाने के मामले में दोषी ठहराया है।
यादव ने कहा, "कल्याण सिंह मस्जिद ढहाने के दोषी हैं। वह समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य नहीं हैं। " उल्लेखनीय है कि कल्याण सिंह ने लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा छोड़ दी थी और वह अब सपा के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications