संसदीय चुनाव सुखबीर बादल की अग्निपरीक्षा
जयदीप सरीन
भटिंडा, 2 मई (आईएएनएस)। पंजाब के उपमुख्यमंत्री और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के लिए राज्य के 13 संसदीय क्षेत्रों में होने वाले चुनाव अग्निपरीक्षा के समान हैं। अपनी नेतृत्व क्षमता साबित करने का उनके पास यह एक अवसर है।
सुखबीर की पत्नी हरसिमरत कौर भटिंडा संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पुत्र रनिंदर सिंह से है। भटिंडा में अकाली दल और कांग्रेस के बीच मुकाबला राज्य के दो प्रमुख राजनीतिक परिवारों के सदस्यों के बीच होने वाला सबसे बड़ा मुकाबला है। इससे बाध्य होकर दोनों पक्षों के बड़े नेता भटिंडा में डेरा डालकर अपने पक्ष की विजय सुनिश्चित करने के प्रयास में लगे हैं।
पिछले वर्ष अपने पिता से अकाली दल की बागडोर संभालने वाले और गत जनवरी में उपमुख्यमंत्री बनने वाले सुखबीर को इस बार खुद को साबित करना है। उन्हें न केवल अपनी पत्नी की जीत सुनिश्चित करनी है वरन अन्य संसदीय क्षेत्रों में भी अकाली दल उम्मीदवारों को जिताने की उनकी क्षमता का परीक्षण इस बार होगा।
पिछले संसदीय चुनाव में राज्य की 13 सीटों में से अकाली दल को आठ ,भारतीय जनता पार्टी को तीन और कांग्रेस को दो पर जीत मिली थी। इस बार के चुनाव में प्रकाश सिंह बादल सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल के प्रति जनता के रुख का भी पता चलेगा।
पंजाब में भटिंडा,संगरूर,पटियाला और फिरोजपुर संसदीय क्षेत्रों में सात मई को और अन्य नौ क्षेत्रों में 13 मई को मतदान होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications