स्वाइन फ्लू से देश के पर्यटन जगत में हड़बड़ी
नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। पहले ही वैश्विक मंदी से जूझ रहा देश का पर्यटन उद्योग अब स्वाइन फ्लू फैलने की आशंका के बीच दोहरी मार झेलने की तैयारी कर रहा है।
मेक्सिको और अमेरिका सहित दुनिया के कई देशों में फैल चुके स्वाइन फ्लू को पिछले 90 वर्षो में दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य त्रासदी माना जा रहा है। अब तक दुनिया भर में स्वाइन फ्लू संक्रमण के 450 मामले पाए जा चुके हैं।
लंदन से आए एक अनिवासी भारतीय को शनिवार को फ्लू के लक्षणों के बाद अस्पताल में दाखिल कराना पड़ा। उसे अलग वार्ड में रखा गया है और नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी नागरिकों को निर्देशित किया है कि वे इंफ्लुएंजा से ग्रस्त देशों की यात्रा पर अनावश्यक रूप से न जाएं।
इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने भी कहा, "विदेश यात्रा पर जाने वाले भारतीयों की संख्या में कमी आ रही है और उनमें से कई तो घरेलू यात्राओं का विकल्प चुन रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि देश में इन दिनों स्कूलों की छुट्टियां होने के कारण आमतौर धनी भारतीय विदेशों में छुट्टियां मनाने जाते हैं।
पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव संजय कोठारी ने आईएएनएस से कहा कि उनका मंत्रालय स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ मिलकर स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications