स्वाइन फ्लू ने 13 देशों में पसारे पांव, भारत फिलहाल वायरस मुक्त (राउंडअप)

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार रात तक दुनिया के 13 देशों में स्वाइन फ्लू से जुड़े कुल 367 मामलों की पुष्टि हो चुकी थी।

यूरोप में स्विट्जरलैंड और स्पेन के बाद स्वाइन फ्लू ने अब फ्रांस में भी दस्तक दे दी है। फ्रांस की स्वास्थ्य मंत्री रोसेलिन बेकलॉट ने बताया कि पेरिस के एक स्थायनीय अस्पताल में शुक्रवार रात एक पुरुष (49 वर्ष) और एक महिला (24 वर्ष) इंफ्लुएंजा ए(एच1एन1) से संक्रमित पाए गए।

दूसरी ओर नई दिल्ली में राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एन.के.चतुर्वेदी ने यहां शनिवार की शाम आईएएनएस को बताया, "हमें अनिवासी भारतीय अनुराग से लिया गया अंतिम नमूना प्राप्त हुआ था। उसमें महामारी का वायरस नहीं पाया गया है।"

चतुर्वेदी ने कहा, "स्वाइन फ्लू के जितने भी संदिग्ध मामले यहां लाए गए थे, किसी भी वायरस नहीं पाया गया है।"

स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी इस बात की पुष्टि की है कि देश में स्वाइन फ्लू के नाम से कुख्यात ए (एच1एन1) इनफ्लुएंजा का एक भी मामला अभी तक नहीं पाया गया है। जबकि पूरे एशिया में स्वाइन फ्लू के कुल चार मामलों की पुष्टि हुई है।

स्वास्थ्य सचिव विनीत चौधरी ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया, "हमने पिछले 24 घंटों के दौरान विदेश से आए पांच संदिग्ध यात्रियों से नमूने इकट्ठा किए हैं। जांच के बाद सभी नमूने वायरस रहित पाए गए हैं।"

चौधरी ने कहा, "फिलहाल अभी तक देश में एच1एन1 वायरस का एक भी मामला नहीं है। लिहाजा घबराने की कोई जरूरत नहीं है। वैसे भी हमने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अपनी पूरी तैयारी कर रखी है।"

सभी छह संदिग्ध मामले पिछले 15 दिनों के दौरान विदेशों यहां आए थे। उनमें से दो अनिवासी भारतीय हैं।

इस बीच इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) पर यात्रियों की जांच शनिवार को भी जारी रही।

आईजीआई हवाई अड्डे का विकास करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) के एक प्रवक्ता अरुण अरोड़ा ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय टर्मिनल पर उतरने वाले सभी यात्रियों की 24 घंटे जांच की जा रही है।"

अरोड़ा ने कहा, "स्वास्थ्य अधिकारी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको से आने वाले यात्रियों की लगातार जांच कर रहे हैं।"

उधर, आरएमएल के चिकित्सा अधीक्षक चतुर्वेदी ने कहा है कि अस्पताल स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पूरी तरह सुसज्जित है।

उन्होंने कहा, "हमारे पास इस तरह के रोगियों के लिए एक बिल्कुल अलग चिकित्सा वार्ड है। उस वार्ड में 20 चिकित्सक और 12 नर्से तैनात हैं। हमारे पास टैमीफ्लू की 1,000 खुराकें भी हैं। टैमीफ्लू की कमी पड़ने पर राष्ट्रीय संक्रामक रोग संस्थान (एनआईसीडी) से इस दवा की अतिरिक्त खुराकें उपलब्ध करा दी जाएंगी।"

उधर, दक्षिण कोरिया में शनिवार को स्वाइन फ्लू से जुड़े पहले मामले की पुष्टि के साथ ही एशिया में इस घातक बीमारी की चपेट आने वालों की संख्या चार हो गई है। समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक दक्षिण कोरिया की एक नन (44 वर्ष) स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाई गईं है। वह मेक्सिको से लौटी थीं। इससे पहले हांगकांग में एक और इजरायल में दो मामलों की पुष्टि हो चुकी है।

इसी बीच, अमेरिका के 19 राज्यों में स्वाइन फ्लू के पैर पसारने के बाद यहां 433 स्कूल बंद कर दिए गए हैं। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अनुसार शुक्रवार को स्वाइन फ्लू से जुड़े पुष्ट मामलों की संख्या 109 से बढ़कर 141 हो गई है।

अमेरिकी नागर विमानन कंपनियों युनाइटेड एयरलाइंस और कांटिनेंटल एयरलाइंस ने मेक्सिको जाने वाली अपनी उड़ानों की संख्या में अस्थायी तौर पर कटौती की है। उल्लेखनीय है कि स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले मेक्सिको में ही दर्ज किए गए हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कैबिनेट की बैठक में मौजूदा हालात की जानकारी लेने के बाद संवाददाताओं से कहा, "मैं इस बात को लेकर आशावान हूं कि हम इस फ्लू से प्रभावी तरीके से निपटने में सफल होंगे।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+