नवाज शरीफ की ओर फिर से झुकने लगा है अमेरिका
न्यूयार्क, 2 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के नेतृत्व वाली सरकार पर से अमेरिका का भरोसा खत्म होने लगा है और वह अब फिर से पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की ओर झुकने लगा है। न्यूयार्क टाइम्स अखबार ने इस आशय की एक खबर प्रकाशित की है।
मुस्लिम कट्टरपंथी नेताओं से नवाज से पुराने रिश्तों को देखते हुए अमेरिकी प्रशासन उनसे खास दूरी बनाए हुए था, पर बराक ओबामा प्रशासन ने व्यावहारिक कूटनीति पर जोर देते हुए अब सीधे नवाज से भी संपर्क साधना शुरू कर दिया है। ओबामा प्रशासन का यह भी मानना है कि कट्टरपंथी नेताओं से नवाज के रिश्ते का फायदा खुद जरदारी सरकार भी उठा सकती है। जरदारी सरकार को तालिबान की चुनौती से निपटने में इससे मदद मिल सकती है।
अखबार लिखता है कि ओबामा सरकार को जरदारी सरकार के अस्तित्व पर ही भरोसा नहीं हो रहा है। खतरा यह है कि किसी भी वक्त जरदारी की कुर्सी जा सकती है। ऐसे में नवाज एक बेहतर और सशक्त विकल्प के तौर पर उभर सकते हैं।
हाल ही में अमेरिकी केंद्रीय कमान के प्रमुख जनरल डेविड पेट्रयॉस ने वाशिंगटन में कुछ बैठकों में यह राय जाहिर की थी कि पाक सरकार लगातार कमजोर होती जा रही है। विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और अफगानिस्तान एवं अमेरिका के लिए विशेष अमेरिकी प्रतिनिधि रिचर्ड सी.होलब्रुक ने जरदारी को शरीफ के साथ समन्वय बिठाकर काम करने की नसीहत बार-बार देकर स्पष्ट कर दिया है अमेरिका पाकिस्तान में तेजी से बदलते घटनाक्रम में शरीफ की अहमियत समझता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications