पाकिस्तान को 2 सप्ताह का अल्टीमेटम नहीं दिया: अमेरिका
वाशिंगटन, 2 मई (आईएएनएस)। अमेरिका का कहना है कि पाकिस्तान तालिबान और वहां मौजूद दूसरे आतंकवादी संगठनों के खिलाफ ठोस, दृढ़ और सशक्त कार्रवाई करे। हालांकि उसने इसके लिए पाकिस्तान को दो हफ्ते का अल्टीमेटम दिए जाने से इंकार किया है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रॉबर्ट वुड ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "मैं नहीं जानता कि यह दो सप्ताह की समयसीमा की बात कहां से आई है। परंतु हमने स्पष्ट रूप से कहा है कि पाकिस्तान को आतंकवादियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने की जरूरत है।"
इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी समाचार चैनल 'फॉक्स न्यूज' ने खबर दी थी कि अमेरिकी केंद्रीय कमान के कमांडर जनरल डेविड पेट्रयॉस ने अधिकारियों को बताया था कि अगले दो सप्ताह इस लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण हैं कि इस दौरान यह पता लग जाएगा कि पाकिस्तानी सरकार बचेगी या नहीं।
वुड ने कहा, "पाकिस्तान अपनी आतंरिक सुरक्षा से जुड़े हितों के मद्देनजर तालिबान के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। हम इस मामले में पाकिस्तान और दूसरे देशों के साथ सहयोग जारी रखेंगे।" उन्होंने तालिबान के खिलाफ पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई को सकारात्मक करार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications