स्वाइन फ्लू : अमेरिका में खतरा बढ़ा, 433 स्कूल बंद
वाशिंगटन, 2 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के 19 राज्यों में स्वाइन फ्लू के पैर पसारने के बाद यहां 433 स्कूल बंद कर दिये गये हैं।
रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अनुसार शुक्रवार को स्वाइन फ्लू से जुड़े पुष्ट मामलों की संख्या 109 से बढ़कर 141 हो गई और यह अब अमेरिका के 19 राज्यों में फैल चुका है।
अमेरिकी शिक्षा विभाग ने बताया कि 17 राज्यों में 433 स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इन स्कूलों में 245,000 छात्र हैं।
अमेरिकी नागर विमानन कंपनियों युनाइटेड एयरलाइंस और कांटिनेंटल एयरलाइंस ने मेक्सिको को जाने वाली अपनी उड़ानों की संख्या में अस्थायी तौर पर कटौती की है। उल्लेखनीय है कि स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले मेक्सिको में ही दर्ज किए गए हैं।
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कैबिनेट की बैठक में मौजूदा हालात की जानकारी लेने के बाद संवाददाताओं से कहा, "मैं इस बात को लेकर आशावान हूं कि हम फ्लू से प्रभावी तरीके से निपटने में सफल होंगे।"
गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू अब तक दुनिया के कई देशों में दस्तक दे चुका है। इसका सबसे बुरा असर मेक्सिको में पड़ा हैं, जहां अब तक 312 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications