राहुल ने बंगाल में वाम मोर्चा को हराने की अपील की (लीड-1)
राहुल ने राज्य में अपने दूसरे चुनावी दौरे में कहा कि कम्युनिस्ट सरकार गरीबों, आदिवासियों और पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए काम नहीं कर रही है। वे हमेशा बातें करते हैं लेकिन जब उसे लागू करने की बारी आती है तो वे कुछ भी नहीं करते।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों को सोचना चाहिए और फैसला लेना चाहिए। यह उन पर निर्भर है कि वे केंद्र में कैसी सरकार चुनते हैं। राज्य में सत्तारूढ़ वाम मोर्चा सरकार को पराजित करके उन्हें परिवर्तन लाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना को लागू करने और गरीबों के विकास के लिए काम करने में विफल रही है।
राहुल गांधी ने कहा,"मैं आश्चर्यचकित हूं। कम्युनिस्ट सरकार दिल्ली में तो योजना की प्रशंसा करती है लेकिन यहां इसे लागू करने में विफल है।"
उन्होंने कहा कि आमतौर पर कम्युनिस्ट सरकार गरीबों की भलाई के लिए काम करती है लेकिन यह कैसी सरकार है जो गरीबों के लिए काम नहीं करती।
उन्होंने कहा कि वाम मोर्चा राज्य के गरीबों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों को भूल गई है।
मुर्शिदाबाद जिले के दोमकल में एक चुनावी रैली में राजग के वर्ष 2004 के चुनाव के 'भारत उदय' के नारे का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राजग देश को दो हिस्सों-कुछ चुने हुए व्यक्तियों और बाकी आम तथा पिछड़े लोगों में विभाजित करना चाहता है।
राहुल ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार मानती है कि यदि देश को समृद्ध बनाना है तो हम सभी को साथ आगे बढ़ना होगा।
मुर्शिदाबाद संसदीय क्षेत्र में सात मई को मतदान होना है और कांग्रेस ने यहां मन्नान हसन को अपना उम्मीदवार बनाया है।
राहुल गांधी ने कहा कि राजग सरकार किसानों को भूल गई लेकिन किसानों की कर्ज माफी के लिए संप्रग सरकार ने 700 अरब रुपये दिए।
राहुल ने कहा,"हमें आम आदमी को नहीं भूलना चाहिए और एक साथ आगे बढ़ना चाहिए। इसमें कोई एक भी पीछे नहीं छूटना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications