स्कूल और शिक्षकों के विवाद में चर्च भी कूदा
काठमांडू, 2 मई (आईएएनएस)। नेपाल के सबसे पुराने एवं प्रसिद्ध सेंट जेवियर्स स्कूल और अध्यापक संघ के बीच जारी विवाद में कैथोलिक चर्च भी कूद पड़ा है।
इस वर्ष के आरंभ से नेपाल संस्थागत स्कूल अध्यापक संघ (एनआईएसटीयू) के साथ सेंट जेवियर्स के जारी विवाद में नेपाल के पहले बिशप फादर एंथोनी अमूल्यनाथ शर्मा ने शनिवार को चर्च संचालित स्कूल को पूरा समर्थन देने की बात कही है।
सर्दियों में काठमांडू घाटी के ललितपुर जिले में स्कूल के सामने धरना देकर कक्षाएं बाधित करने वाले एनआईएसटीयू ने एक शिक्षक की बर्खास्तगी के विरोध में गुरुवार को घाटी के सभी स्कूलों को बंद करा दिया।
बिशप शर्मा ने अपने एक बयान में कहा कि वह इस कठिन समय में सेंट जेवियर्स के प्रति पूरा समर्थन व्यक्त करने के साथ ही इस अवांछनीय गतिविधि की निंदा करते हैं, जिससे हजारों छात्रों की शिक्षा बाधित हुई है।
नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री मोहन शमशेर जंग बहादुर राना के सेंट जेवियर्स के पादरियों को नेपाल में एक स्कूल खोलने के निमंत्रण के बाद वर्ष 1951 में 65 बच्चों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल खुला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications