गलत मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है भाजपा : प्रधानमंत्री (लीड-1)
पाकिस्तान सीमा से सटे फिरोजपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार जगमीत सिंह बरार के पक्ष में पंजाब की अपनी पहली चुनावी रैली में प्रधानमंत्री ने राज्य के किसान समुदाय को आकर्षित करने का प्रयास करते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही किसानों की कर्ज माफी,गेंहू और धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि और खाद के दामों में कमी की है।
प्रधानमंत्री ने कहा,"भाजपा और उसके सहयोगी अभी भी मुद्दों की तलाश में हैं। हर दिन वे एक नया मुद्दा पैदा करने की कोशिश करते हैं। वे मुद्दों पर नहीं बल्कि केवल झूठे आरोपों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। वे कांग्रेस पर दिशाहीन आरोप लगा रहे हैं।"
राज्य में सत्तारूढ़ अकाली दल-भाजपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर भाजपा और अकाली बेशर्मी से गलत बातें बोल रहे हैं। उन्होंने झूठ बोला है और किसान उन्हें माफ नहीं करेंगे। भाजपा और अकाली दल केवल शोर मचाना जानते हैं। वे जो कहते हैं, उसे करते नहीं।
प्रधानमंत्री ने किसानों से कहा कि वे भाजपा-अकाली दल से पूछ सकते हैं वर्ष 1998-2004 के दौरान सरकार में रहने पर उन्होंने किसानों के लिए क्या किया? मनमोहन सिंह ने कहा कि वे इन छह वर्षो में केवल तमाशा देखते रहे।
प्रधानमंत्री अपनी सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान चलाई गई योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कर्ज माफी से पंजाब के 4.21 लाख किसानों को फायदा हुआ है। माफ की गई कुल रकम 1,200 करोड़ रुपये है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications