स्वाइन फ्लू : 13 देशों में पैर पसारे, भारत में भी संदिग्ध मरीज (लीड-1)

दक्षिण कोरिया में शनिवार को स्वाइन फ्लू से जड़े पहले मामले की पुष्टि के साथ ही एशिया में इस घातक बीमारी की चपेट आने वालों की संख्या चार हो गई है। समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक दक्षिण कोरिया की एक नन (44 वर्ष) स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाई गईं। वह मेक्सिको से लौटी थी। इससे पहले हांगकांग में एक और इजरायल में दो मामलों की पुष्टि हो चुकी है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार रात तक दुनिया के 13 देशों में स्वाइन फ्लू से जुड़े कुल 367 मामलों की पुष्टि हो चुकी थी।

उधर, भारत में स्वाइन फ्लू का एक संदिग्ध मामला सामने आया है। लंदन से आए भारतीय मूल के एक व्यक्ति में फ्लू के लक्षण दिखने के बाद उसे शनिवार सुबह राजधानी के राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) में भर्ती कराया गया। वहीं एक अनिवासी भारतीय (एनआरआई) को जांच के बाद छुट्टी दे दी गई।

आरएमएल के चिकित्सा अधीक्षक एन. के. चतुर्वेदी ने आईएएनएस को बताया कि इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे 35 वर्षीय एक व्यक्ति में फ्लू के कुछ लक्षण पाए गए। उसे अस्पताल के एक अलग वार्ड में भर्ती किया गया है।

चतुर्वेदी ने बताया, "हमने उसके चिकित्सीय नमूने ले लिए हैं और उन्हें जांच के लिए राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान (एनआईसीडी) भेज दिया गया है। इस व्यक्ति को अगले तीन दिनों तक गहन निगरानी में रखा जाएगा।" उन्होंने कहा कि उनका अस्पताल स्वाइन फ्लू के खतरे के मद्देनजर पूरी तरह तैयार है।

टेक्सास से आए 25 साल के एक युवक को स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण दिखने के बाद राम मनोहर लोहिया आरएमएल में भर्ती कराया गया था लेकिन जांच के बाद इस रोग की पुष्टि नहीं हुई। अब उसे छुट्टी दे दी गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिनों में पांच अन्य लोगों की जांच की गई लेकिन स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। फ्लू के खतरे को देखते हुए देश के सभी अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर विदेश से आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

यूरोप में स्विट्जरलैंड और स्पेन के बाद स्वाइन फ्लू ने अब फ्रांस में दस्तक दे दी है। फ्रांस की स्वास्थ्य मंत्री रोसेलिन बेकलॉट ने बताया कि पेरिस के एक स्थायनीय अस्पताल में शुक्रवार रात एक पुरुष (49 वर्ष) और एक महिला (24 वर्ष) इंफ्लुएंजा ए(एच1एन1) से संक्रमित पाए गए।

अमेरिका के 19 राज्यों में स्वाइन फ्लू के पैर पसारने के बाद यहां 433 स्कूल बंद कर दिये गये हैं। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अनुसार शुक्रवार को स्वाइन फ्लू से जुड़े पुष्ट मामलों की संख्या 109 से बढ़कर 141 हो गई है।

अमेरिकी नागर विमानन कंपनियों युनाइटेड एयरलाइंस और कांटिनेंटल एयरलाइंस ने मेक्सिको को जाने वाली अपनी उड़ानों की संख्या में अस्थायी तौर पर कटौती की है। उल्लेखनीय है कि स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले मेक्सिको में ही दर्ज किए गए हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कैबिनेट की बैठक में मौजूदा हालात की जानकारी लेने के बाद संवाददाताओं से कहा, "मैं इस बात को लेकर आशावान हूं कि हम फ्लू से प्रभावी तरीके से निपटने में सफल होंगे।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+