दक्षिण अफ्रीका में समलैंगिकों की शादी कराने वाला हिंदू पुजारी भूमिगत
फकीर हसन
डरबन, 2 मई (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका में दो समलैंगिकों की शादी कराने वाला तमिल पुजारी भूमिगत हो गया है, वहीं इस घटना से देश के हिंदू समुदाय में नाराजगी है।
देश में हिंदू रीति से होने वाली इस पहली समलैंगिक शादी से हिंदू समुदाय के लोग शर्मसार महसूस कर रहे हैं। पुजारी की सरगर्मी से तलाश हो रही है। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इस समलैंगिक जोड़े में से एक ने दूसरे साथी को हिंदू देवता गणेश के लाकेट वाली कंठी पहनाई। इस शादी के लिए दोनों युवकों ने भारत से खास पोशाकें मंगवाई थीं।
विपणन सलाहकार जोए सिंह और प्रबंधक बेसले नोलान का समलैंगिक प्यार तब पनपा एक ही कंपनी में दोनों को काम करने का मौका मिला। इस मुहब्बत को दोनों ने वैवाहिक रिश्ते में बदलने का फैसला किया। दोनों ने शादी की तैयारी में 18 महीने लगाए।
जोए सिंह का तर्क है कि वह और उनका जीवन साथी दोनों प्रतिबद्ध हिंदू और गणेश के भक्त हैं, इसलिए हिंदू रीति से शादी कर उन्होंने कोई गुनाह नहीं किया है। नोलान के माता-पिता ने इस रिश्ते को खारिज कर दिया है।
दोनों ने शादी के कार्ड बंटवाकर पूरे तामझाम के साथ शादी की। नोलान के संबधियों ने इसमें भाग नहीं लिया। यह शादी जोए सिंह के सौतेले पिता क्रिश गोवेंडर और मां रीता के घर पर हुई। नोलान ने इस शादी को जायज ठहराते हुए कहा, "इस रिश्ते में कोई पत्नी नहीं है, हम दोनों पति हैं।"
साउथ अफ्रीकन हिंदू महासभा के प्रमुख आश्विन त्रिकामजी ने कहा, हमारा धर्म पुरुषों के बीच शादी की इजाजत नहीं देता । यह हमारे रिवाजों का उपहास है। साउथ अफ्रीकन तमिल फेडरेशन के प्रमुख मिकी शेट्टी कहते हैं, ऐसी शादी धर्मविरोधी हैं। हम इसे मान्यता नहीं देते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications