मैं प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं : नीतीश कुमार
शनिवार को चुनाव प्रचार में जाने के पूर्व पटना हवाई अड्डे पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री बनने की कोई लालसा नहीं। उन्होंने कहा, "बिहार का मुख्यमंत्री बनकर यहां के लोगों की सेवा करता रहूं यही मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।"
उल्लेखनीय है कि गत गुरुवार को जनता दल (युनाइटेड) के प्रवक्ता शिवानंद तिवारी ने एक संवाददाता सम्मेलन में नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री का बेहतर विकल्प बताया था। इसके बाद शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी एक चुनावी सभा में कहा था कि भगवान ने चाहा तो नीतीश कुमार एक दिन प्रधानमंत्री भी बन सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने एकबार फिर समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय जनता दल और लोक जनशक्ति पार्टी के गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा, "मैंने पहले ही सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह को इस गठबंधन के लिए मना किया था।" उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने लालू प्रसाद और रामविलास पासवन को राज्य से उखाड़ दिया है।
उन्होंने कहा, " सपा ने बिहार में इन दोनों नेताओं से और उत्तर प्रदेश में कल्याण सिंह से समझौता कर लिया। सपा अध्यक्ष ने दोनों जगह गलत दोस्त बना लिए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications