पाकिस्तान में अग़वा सैनिक रिहा

गुरूवार की रात क़रीब दो बजे दीर शहर से दो किलोमीटर उत्तर में पड़ाव शाह स्थित एक पुलिस चौकी पर 50 से अधिक संदिग्ध तालेबान चरमपंथियों ने गोलीबारी करके अर्धसैनिक बल के 10 जवानों को अग़वा कर लिया था.
शुक्रवार को अपर ज़िला दीर के पुलिस प्रमुख एजाज़ ने बीबीसी को बताया है कि इन सैनिकों की रिहाई स्थानीय लोगों के साथ बातचीत के कारण हो सकी है.
संदिग्ध तालेबान चरमपंथियों की फ़ायरिंग के बाद दीर ख़ास से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भेजा गया, लेकिन पुलिस के पहुँचने से पहले ही हमलावर फ़रार होने में कामयाब हो गए.
गुरूवार को सूबा सरहद के बुनेर और दीर के इलाक़ो में सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए चरमपंथियों के ठिकानों पर हवाई हमले किए थे.
कार्रवाई
इस कार्रवाई में पहली बार टैंकों और भारी तोपख़ाने का प्रयोग किया गया था.
अधिकारियों ने दावा किया कि इस कार्रवाई में तालेबान को काफ़ी नुक़सान पहुँचा है और उनके अहम ठिकानों को भी तबाह किया गया है, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र सूत्र से पुष्टि नहीं हो सकी है.
बुनेर में सेना की कार्रवाई जारी है और अधिकारियों ने दावा किया है कि ज़िले के अधिकतर हिस्सों से तालेबान चरमपंथियों को बाहर कर दिया गया है.
ये इलाक़ा राजधानी इस्लामाबाद से महज़ 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. तालेबान और सुरक्षा बलों की झड़पों की वजह से इन इलाक़ो से ब़ड़ी तादाद में लोगों का पलायन हुआ है.


Click it and Unblock the Notifications