लगातार दूसरे हफ़्ते महँगाई बढ़ी

भारत में महँगाई दर लगातार दूसरे हफ़्ते बढ़ कर आधा फ़ीसदी से ज़्यादा हो गई है. पहले इसके शून्य से नीचे जाने की आशंका जताई जा रही थी.
हालाँकि अभी भी महंगाई दर तीन दशकों के न्यूनतम स्तर पर है.
ताज़ा बढोत्तरी खाद्य और अन्य उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण हुई है.
अठारह अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान महंगाई दर में पिछले सप्ताह के मुक़ाबले 0.31 फ़ीसदी की वृद्धि हुई. थोकमूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रास्फ़ीति 11 अप्रैल को समाप्त सप्ताह के दौरान 0. 26 फ़ीसदी थी.
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष सुरेश तेंदुलकर का कहना है कि महँगाई में बढ़ोत्तरी खाद्य कीमतों के कारण हुई.
इस दौरान कच्चे खाद्य पदार्थों की कीमत 0.6 फ़ीसदी बढ़ी लेकिन पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में इसमें 7.39 फ़ीसदी की वृद्धि हुई.
दाल, दूध, सब्ज़ी, अचार और मसालों के दाम में वृद्धि दर्ज की गई. पिछले कुछ समय से चीनी के भाव भी लगातार बढ़ रहे हैं.
उत्तर प्रदेश में गन्ने की फ़सल कम होने के कारण चीनी के भाव बढ़ रहे हैं. दो हफ़्तों में ही इसका भाव 22 रूपए प्रति किलो से बढ़ कर लगभग 30 रूपए प्रति किलो हो चुका है.
रिजर्व बैंक ब्याज दरों में कटौती कर उपभोक्ताओं तक ज़्यादा से ज़्यादा नकदी पहुँचाने की कोशिश कर रहा है ताकि बाज़ार में माँग बढ़े और लोग ख़रीदारी के लिए आगे आएं.


Click it and Unblock the Notifications