भारत और चीन अमेरिकी आईपीआर निगरानी सूची में
वाशिंगटन, 1 मई (आईएएनएस)। अमेरिका ने भारत, चीन तथा 10 अन्य व्यापारिक साझीदारों को प्राथमिकता निगरानी सूची में डाल दिया है। उसका कहना है कि इन देशों में बौद्धिक संपदा अधिकारों (आईपीआर) के संरक्षण की दिशा में उचित कार्रवाई नहीं हो रही है।
इस निगरानी सूची में भारत और चीन के अलावा रूस, अल्जीरिया, अर्जेटीना, कनाडा, चिली, इंडोनेशिया, इजरायल, पाकिस्तान, थाइलैंड और वेनेजुएला को शामिल किया गया है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) रॉन किर्क ने गुरुवार को अमेरिका के कारोबारी सहयोगियों द्वारा आईपीआर संरक्षण की स्थिति पर रिपोर्ट जारी करते हुए कहा, "हमारे रचनात्मक और नए उत्पाद दुनिया भर के बाजारों में तत्काल छा सकते हैं लेकिन अगर हम और हमारे साझीदार बौद्धिक संपदा पर सतर्क नहीं रहेंगे तो ये उत्पाद जल्द ही बाहर हो जाएंगे।"
रिपोर्ट में कहा गया है कि हालांकि भारत ने अपने यहां आईपीआर का बुनियादी ढांचा सुधारने की दिशा में कदम उठाए हैं जिसमें आईपी कार्यालयों का आधुनिकीकरण और पेटेंट आवेदनों की ई-फाइलिंग की व्यवस्था शामिल है लेकिन अमेरिका अभी भी इस संबंध में चिंतित है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में नकली दवाओं का कारोबार भी चिंता के स्तर पर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका आने वाले समय में इस संबंध में भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications