मध्य प्रदेश में पारा पहुंचा 47 के पार
प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से गर्मी का कहर जारी है। आलम यह है कि सुबह में ही दोपहर जैसा नजारा हो जाता है। धूप की तेजी और गर्म हवाए झुलसाकर रख देती है। दोपहर होते होते तक शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। मौसम केन्द्र से मिली जानकारी के मुताबिक खंडवा में सबसे ज्यादा तापमान रिकार्ड किया गया जो 47़ 5 डिग्री सेल्सियस था। इसके अलावा अन्य शहरों का तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है।
मौसम केन्द्र के निदेशक डॉ़ डी़ पी़ दुबे ने बताया है कि उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं का प्रदेश में प्रवेश, प्रदेश के ऊपर हवाओं का चक्रवात और नमी के कम होने के कारण गर्मी बढ़ रही है। अनुमान है कि इस गर्मी से जल्दी निजात नहीं मिल पाएगी। आने वाले एक दो दिनों में तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की कमी जरूर हो सकती है।
मौसम केन्द्र के मुताबिक अप्रैल के अंतिम सप्ताह में काफी तेजी से तापमान में बढ़ोतरी हुई है और यह 43 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ, राजस्थान और उत्तर प्रदेश भी लू की चपेट में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications