भारत ने सिखों पर तालिबानी हमले के लिए पाकिस्तान को कटघरे में खड़ा किया
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने यहां कहा, "सरकार ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ किए जा रहे बर्ताव के मुद्दे पर पाकिस्तान सरकार को अपनी आपत्ति दर्ज करा दी है।"
विष्णु प्रकाश उन खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे, जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तान सरकार वहां के सिख परिवारों के घरों को नष्ट कर रही है और उन्हें इस्लामी कानून के तहत जजिया अदा करने के लिए मजबूर कर रही है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक तालिबान आतंकवादियों ने पाकिस्तान के औरकजई कबायली इलाके में कर न देने वाले 11 सिख परिवारों के घरों को ध्वस्त कर दिया है।
औरकजई एजेंसी में मेरोजई के नजदीक फिरोजखेल में दशकों से 35 से अधिक सिख परिवार रहते रहे हैं।
इस सप्ताह के प्रारंभ में मंगलवार को तालिबान ने फिरोजखेल में सिखों की दो दुकानों और तीन घरों पर कब्जा कर लिया था और उन्हें जजिया अदा करने के लिए मजबूर किया। पिछले महीने तालिबान ने सिखों से प्रति वर्ष जजिया के रूप में पांच करोड़ रुपये अदा करने के लिए कहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications