इराक़ में ब्रिटेन का सैन्य अभियान ख़त्म

इस मौके पर बसरा में एक अधिकारिक समारोह का आयोजन किया गया.
फ़्लैग डाउन समारोह में 20 बख़्तरबंद ब्रिगेड को एक अमरीकी ब्रिगेड को सौंप दिया गया.
उधर, लंदन में ब्रितानी प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन ने कहा कि यह दोनों देशों के बीच रिश्तों की एक नई शुरुआत है.
युद्ध स्मारक
बसरा में बनाए गए युद्ध स्मारक पर आयोजित समारोह में ब्रिटेन के रक्षा सचिव जॉन हूटो ने भाग लिया.
दीवार के रूप में बनाए गए युद्ध स्मारक पर इराक़ में मारे गए 234 विदेशी सैनिकों के नाम खुदे हुए हैं, इनमें 179 ब्रितानी सैनिक थे.
ब्रिटिश सैनिक आधिकारिक रूप से पिछले महीने ही इराक़ से हटने लगे थे जब देश के दक्षिण में सेना के कमांडर मेजर जरनल एंडी सालमोन ने अपने इलाक़े का नियंत्रण अमरीकी जनरल को सौंप दिया था.
इराक़ आज सफलता की कहानी है. हम ब्रितानी सैनिकों के प्रयास के और कर्ज़दार हो गए हैं. हमारा मिशन कोई आसान काम नहीं था कई लोगों ने कहा था कि हम असफल हो जाएँगे गोर्डन ब्राउन, प्रधानमंत्री ब्रिटेन
| |
इस साल के शुरू में बसरा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को पूरी तरह इराक़ के नियंत्रण में सौंपकर ब्रिटेन ने एक तरह से इसकी शुरुआत कर दी थी.
इराक़ में ब्रिटेन का सैन्य अभियान अपने नियत समय से एक महीने पहले ही ख़त्म हो गया.
कठिन अभियान
डाउनिंग स्ट्रीट में इराक़ी प्रधानमंत्री नूरी-अल मलिकी से बातचीत में गोर्डन ब्राउन ने कहा, "इराक़ आज सफलता की कहानी है. हम ब्रितानी सैनिकों के प्रयास के और कर्ज़दार हो गए हैं. हमारा मिशन कोई आसान काम नहीं था कई लोगों ने कहा था कि हम असफल हो जाएँगे."
उन्होंने कहा कि हम यहाँ जो विरासत छोड़ कर जा रहे हैं उस पर ब्रिटेन गर्व कर सकता है.
मलिकी ने कहा, "इराक में ऐसे लोग हैं जो सरकार को विफल करना चाहते हैं लेकिन हमारी सेना और सुरक्षा बल इन चुनौतियों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार हैं."
समारोह की शुरुआत करने वाले सेना के पादरी फ़ादर पास्कल हनरहान ने कहा, "आज लोगों को याद करने और उन्हें धन्यवाद देने का दिन है."


Click it and Unblock the Notifications