तीसरा चरण: कई दिग्गज मैदान में

प्रमुख नेताओं की बात करें तो गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद होगा। इन्हें मिलाकर कुल 1,567 उम्मीदवार हैं। कुल 165,000 मतदान केंद्र बनाए हैं और 600,000 मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं।
यूपी में 253 उम्मीदवार
उत्तर प्रदेश में 15 सीटों पर मतदान चल रहा है। यहां पर कुल 253 उम्मीदवार हैं। यूपी में सोनिया गांधी के अलावा भाजपा के नेता लालजी टंडन, पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह के पुत्र अजेय सिंह, श्री प्रकाश जायसवाल, रीता बहुगुणा जोशी और अखिलेश दास के भाग्य का फैसला होगा।
गुजरात में 26 सीटों पर मतदान
तीसरे चरण में गुजरात की 26 सीटों के लिए मतदान चल रहा है। कुल 359 उम्मीदवार हैं, जिनमें लालकृष्ण आडवाणी समेत कई दिग्गज शामिल हैं। यहां पर कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़े मुकाबले की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में कड़ी सुरक्षा
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग लोकसभा सीट पर चल रहे मतदान के लिए यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। यहां पर मुख्य रूप से नेशनल कांफ्रेंस के मिर्जा महबूब और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के पीर मुहम्मद हुसैन आमने-सामने हैं। यहां पर अलगाववादियों ने मतदाताओं से चुनाव का बहिष्कार करने के साथ 50 घंटे के बंद का आह्वान किया है।
कर्नाटक में शांतिपूर्ण मतदान
कर्नाटक के लगभग 1.55 करोड़ मतदाता 156 उम्मीदवरों का चुनावी भाग्य तय करेंगे। राज्य में निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए 50,000 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 5,600 से अधिक पर्यवेक्षक भी मतदान पर अपनी नजर रखेंगे।
पश्चिम बंगाल में कई दिग्गज
कड़ी सुरक्षा के बीच पश्चिम बंगाल की 21 सीटों के लिए चल रहे मतदान में कई दिग्गजों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद होगा। कुल 134 उम्मीदवार हैं, जिनमें जसवंत सिंह, दीपा दासमुंशी और बिरेश्वर लाहिड़ी प्रमुख हैं। यहां पर नक्सल प्रभावित बांकुरा, पश्चिमी मीदनापुर और पुरुलिया में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर इन इलाकों में गश्त लगा रहे हैं।
मध्यप्रदेश में 231 उम्मीदवार
कड़ी सुरक्षा के बीच मध्यप्रदेश की 16 संसदीय सीटों के लिए चल रहे मतदान में कुल 231 उम्मीदवार हैं। यहां मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, टीकमगढ़, दमोह, राजगढ़, देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन व खंडवा में मतदान हो रहा है।
बिहार में सुरक्षाकर्मी सतर्क
बिहार की 11 सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए सुरक्षाकर्मी पूरी तरह सतर्क हैं। पहले और दूसरे चरण में यहां कई जगह नक्सलियों ने हमले किये थे, इसलिए तीसरे चरण में सुरक्षा कई गुना बढ़ा दी गई है।


Click it and Unblock the Notifications