अमेरिका के अच्छे दिन जल्द लौटेंगे: ओबामा
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मंदी की मार झेल रही देश की जनता को भरोसा दिलाया है कि अच्छे दिन जल्द ही लौटेंगे और सरकार इस दिशा में बेहतर प्रयास कर रही है।
सत्ता में सौ दिन पूरे करने के बाद उन्होंने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, मेरे प्रशासन ने सर्वाधिक बुरी मंदी के मलबे को साफ कर नई मजबूत अर्थव्यवस्था की नींव रख दी है। हम देश के बेहतर दिन लौटाने की कोशिश कर रहे हैं। इस दिशा में काफी कुछ किए जाने की जरूरत है।
ओबामा ने संसद द्वारा उनकी सरकार के बजटीय प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने की चर्चा करते हुए कहा कि इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था की नींव और मजबूत होगी। संसद ने वर्ष 2010 के लिए ओबामा के 3 ़4 अरब डालर के बजटीय प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव में ओबामा ने सरकारी खर्च से जुड़ी अपनी तकरीबन सभी प्राथमिकताओं को शामिल करते हुए देश के सभी वर्गो के आर्थिक हितों को तवज्जो दी है। वैसे, इसमें मध्य वर्ग का खास ध्यान रखा गया है।
ओबामा ने अपने खास अंदाज में कहा,हम ऐसी अर्थव्यवस्था के पैरोकार नहीं बन सकते जो रेतीली नींव पर टिकी है। हमें हद से ज्यादा कृत्रिम तरीके से फैली बैंकिंग प्रणाली, कृत्रिम मुद्रास्फीति, क्रेडिट कार्ड आधारित लचर कर्ज व्यवस्था, पुराने अव्यावहारिक प्रावधानों से बचना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications