अमेरिका-मेक्सिको सीमा बंद करने की योजना नहीं: ओबामा
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक बुधवार रात व्हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन में ओबामा ने कहा कि जब फ्लू ने अमेरिका में दस्तक दे ही दी है तो फिर सीमा बंद करने से क्या लाभ होगा। उल्लेखनीय है कि अमेरिका में स्वाइन फ्लू से जुड़े लगभग 100 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। टेक्सास में एक मौत भी हुई है।
उन्होंने कहा, "स्वाइन फ्लू चिंताजनक है लेकिन अफरा-तफरी मचाने का विषय नहीं है। अब अहम यह है कि हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हम इस पैनी नजर रखें।"
अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र के कार्यवाहक निदेशक रिचर्ड बेसर ने बताया कि मंगलवार को स्वाइन फ्लू से जुड़े मामलों की संख्या 64 से बढ़कर 91 हो गई। उन्होंने बताया कि न्यूयार्क में 51, टेक्सास में 16 और कैलीफोर्निया में 14 मामलों की पुष्टि हुई है।
गौरतलब है कि स्वाइन फ्लू का सबसे ज्यादा असर मेक्सिको पर पड़ा हैं, जहां 159 लोगों की मौत अब तक चुकी है। इसके अलावा कनाडा, न्यूजीलैंड और कई अन्य देश भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications