तीसरा चरण: 107 सीटों पर मतदान जारी, पुरुलिया में बारुदी सुरंग विस्फोट (लीड-1)
पश्चिम बंगाल के नक्सल प्रभावित पुरुलिया जिले में गुरुवार को बारुदी सुरंग विस्फोट में अर्धसैनिक बल का एक जवान घायल हो गया। वहीं बिहार में जारी मतदान के दौरान बेगूसराय संसदीय क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 95 के बाहर पुलिस ने एक बम बरामद किया, जिसे बाद में निष्क्रिय कर दिया गया। वहां मतदान सुचारू रूप से जारी है।
तीसरे चरण में कुल 1,567 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इस चरण में लगभग 14.5 करोड़ मतदाता हैं और उनके लिए 65,112 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उत्तर प्रदेश की 15, बिहार की 11, गुजरात की 26, मध्य प्रदेश की 16, महाराष्ट्र की 10, पश्चिम बंगाल की 14, कर्नाटक की 11, जम्मू एवं कश्मीर, सिक्किम , दादरा तथा नगर हवेली, और दमन एवं दीव में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है।
तीसरे चरण में जिन प्रमुख नेताओं के चुनावी भाग्य का फैसला होना है उनमें रायबरेली से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, गांधीनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी.देवगौड़ा, भाजपा नेता जसवंत सिंह, सैय्यद शहनवाज हुसैन, कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, श्रीप्रकाश जायसवाल, जनता दल युनाइटेड के अध्यक्ष शरद यादव और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस.बंगरप्पा शामिल हैं।
जम्मू एवं कश्मीर में शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। मुंबई में शांतिपूर्ण मतदान के लिए 22,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। वहीं 70 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित कर दिया गया है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस ने 12,00 से अधिक असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications