उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में हुआ पैंतालीस फीसदी मतदान (लीड 2)
राज्य के प्रमुख निर्वाचन अधिकारी अनुज कुमार विश्नोई ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि प्रदेश में 45 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। सबसे अधिक मतदान झांसी और सीतापुर में हुआ जहां समान रूप से 51 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बाहर आए।
राजधानी लखनऊ में एक बार फिर मतदान का प्रतिशत कम रहा। यहां केवल 34.6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2004 में 31 प्रतिशत की तुलना में कुछ बेहतर था।
राज्य के सबसे हाइप्रोफाइल सीट रायबरेली जहां से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मैदान में हैं, वहां 46 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में उनके पुत्र और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के संसदीय सीट अमेठी में 39 प्रतिशत मतदान ही दर्ज किया गया था।
लखनऊ से सटी मोहनलालगंज संसदीय सीट पर 43 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा कानपुर में 39 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां से केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल तीसरी बार सांसद जाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। फतेहपुर में 43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया है। इस सीट पर मुख्य संघर्ष पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते विभाकर शास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह के बेटे अजेय सिंह के बीच है।
विश्नोई ने बताया कि प्रदेश की 15 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुए मतदान के दौरान कहीं भी अप्रिय घटना नहीं घटी।
तीसरे चरण में सीतापुर, हरदोई, मिसरिख, उन्नाव, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर, फतेहपुर, बहराइच और बाराबंकी संसदीय सीटों पर मतदान हुआ।
इस चरण में कुल 2.23 करोड़ मतदाताओं को 28,333 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग करना था।
उन्नाव, हमीरपुर और सीतापुर में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की खराबी के चलते कुछ मतदान केंद्रों पर कुछ समय के लिए मतदान बाधित हुआ, लेकिन बाद में मतदान सुचारू रूप से शुरू हो गया।
इस चरण में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, श्रीप्रकाश जायसवाल, लालजी टंडन, अजेय सिंह और अखिलेश दास गुप्ता जैसे दिग्गजों सहित 253 उम्मीदवारों के चुनावी भविष्य का फैसला इवीएम में बंद हो गया है।
उधर राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने लखनऊ में संवाददाताओं से कहा कि राज्य में अर्धसैनिक बलों की 165 कंपनी और प्रोविंसिलयल आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) की 80 कंपनियां तैनात की गई थी।
उल्लेखनीय है राज्य में पांच चरणों में लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 16 और दूसरे चरण में 17 संसदीय सीटों के बाद आज तीसरे चरण की 15 संसदीय सीटों पर मतदान सम्पन्न हो गया। आज का मतदान समाप्त हो जाने के बाद प्रदेश की 80 संसदीय सीटों में से 48 पर मतदान सम्पन्न हो गया है। चौथे और पांचवें चरण में क्रमश: 18 और 14 सीटों पर मतदान होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications