चुनावी हिंसा : पश्चिम बंगाल में नक्सली हमले, कुछ स्थानों पर छिटपुट हिंसा (लीड-2)
पश्चिम बंगाल में नक्सलियों ने दो स्थानों पर हिंसक वारदातों को अंजाम देने की कोशिश की। मध्य प्रदेश के मुरैना में पुलिस की गोली से एक व्यक्ति घायल हो गया। गुजरात के गोधरा में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हुई और बिहार के बेगूसराय संसदीय क्षेत्र के एक मतदान केंद्र के बाहर से बम बरामद किया गया।
नक्सल प्रभावित पुरुलिया जिले के बलरामपुर इलाके में कम तीव्रता वाले बारुदी सुरंग विस्फोट में एक जवान घायल हो गया जबकि पूर्वी मिदनापुर जिले में मतदान संपन्न कराकर लौट रहे चुनाव अधिकारियों को बारूदी सुरंग विस्फोट कर उड़ाने की कोशिश की गई।
पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) राज कनौजिया ने आईएएनएस को बताया कि पुरुलिया के बलरामपुर इलाके में कम तीव्रता वाले बारुदी सुरंग विस्फोट में एक जवान घायल हो गया। जिले में ही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक नेता पर एक अज्ञात हमलावर ने हमला किया।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित बांकुड़ा, पश्चिमी मिदनापुर और पुरुलिया में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर इन इलाकों में गश्त लगा रहे हैं।
पश्चिमी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया, "कापागुड़ी के जंगलों के बीच से लौट रहे चुनाव कर्मियों के एक दल को निशाना बनाकर बारूदी विस्फोट किया गया। इसमें कोई भी घायल नहीं हुआ है।"
इससे पहले, पश्चिमी मिदनापुर के नक्सल प्रभावित पीरकाता वनक्षेत्र में दो संदिग्ध बक्सों के मिलने के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी लेकिन बाद में पता चला कि दोनों बक्सों में पटाखे थे। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की लगभग 220 कपनियां विभिन्न क्षेत्रों में तैनात की गई है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मतदान के दौरान झड़प और गोलीबारी की घटनाएं हुईं। मुरैना संसदीय क्षेत्र में उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। भिंड में उपद्रवियों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में पानी डाल दिया और तोड़फोड़ की।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय दुबे ने बताया कि मुरैना संसदीय क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर दो गुटों में झड़प हो गई। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।
दुबे ने बताया कि भिंड संसदीय क्षेत्र में भी दो स्थानों पर गड़बड़ी की शिकायत मिली है। एक स्थान पर रवि नाम के व्यक्ति ने गोली चलाई जिससे कोई घायल नहीं हुआ। इसके अलावा एक मतदान केंद्र पर पहुंचे कुछ लोगों ने हंगामा किया और ईवीएम में पानी डाल दिया तथा तोड़फोड़ भी की।
गुजरात के गोधरा जिले के शेरा गांव में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर मतदाताओं के साथ जोर-जबर्दस्ती करने का आरोप लगाया। इसको लेकर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता घायल हुए हैं। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बिहार में बेगूसराय संसदीय क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 95 के बाहर पुलिस ने एक बम बरामद किया है, जिसे बाद में निष्क्रिय कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक पी.के. कन्नन ने बताया कि मतदान प्रारंभ होने के पूर्व ही पुलिस ने बेगूसराय के गोपालपुर क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय के बाहर से एक बम बरामद किया, जिसे बाद में निष्क्रिय कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications