पाक प्रधानमंत्री का आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का आग्रह, सूफी ने की शांति की गुहार (राउंडअप)
इस्लामाबाद, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने कहा है कि तालिबान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई उपद्रवग्रस्त उत्तर पश्चिम क्षेत्र में सरकार के अधिकार बहाल करने के लिए हो रही है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में पूरे देश से एकजुट होने का आग्रह किया है। दूसरी ओर कट्टरपंथी मौलाना सूफी मुहम्मद ने शांति की गुहार लगाई है।
एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान के अनुसार गृहमंत्री रहमान मलिक के साथ एक बैठक में गिलानी ने कहा कि आतंकवाद के खतरे के खिलाफ सभी राजनीतिक ताकतों को एकजुट होना चाहिए। इस महत्वपूर्ण समय में उन्होंने सभी राजनीतिक मतभेद भुलाकर संपूर्ण देश को एक साथ खतरे का सामना करने को कहा।
उन्होंने कहा कि केवल यही एक तरीका है जिससे आतंकवादियों को पराजित किया जा सकता है।
मलिक ने गिलानी को उत्तर पश्चिम सीमा प्रांत के बुनेर जिले में हो रही सैन्य कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।
उधर, पाकिस्तान सरकार और तालिबान आतंकवादियों के बीच शांति समझौते में मध्यस्थता करने वाले मौलाना सूफी मुहम्मद ने गुरुवार कहा है कि उत्तर पश्चिमी इलाके में तालिबान विरोधी सैन्य कार्रवाई से क्षेत्र में आतंकवाद बढ़ेगा।
पिछले सप्ताह सुरक्षा बलों के निचले दीर जिले में सैन्य अभियान आरंभ करने के बाद से ही गुप्त स्थान पर रह रहे सूफी मुहम्मद ने यह चेतावनी जारी की है।
लड़ाकू विमानों और हेलीकाप्टरों के सहयोग से सेना ने आतंकवादियों के कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया है। इस लड़ाई में अब तक 70 आतंकवादियोंऔर 10 सैनिकों की मौत हो चुकी है।
समाचार चैनल 'जियो टीवी' के अनुसार दीर जिले में अपने समर्थकों के बीच प्रकट हुए सूफी ने कहा कि दीर और बुनेर में सैन्य कार्रवाई से इलाके में तालिबानीकरण बढ़ रहा है।
दीर और बुनेर दोनों जिले मलकंद डिविजन के हिस्से हैं,जहां स्वात घाटी में महीनों से जारी विद्रोह को शांत करने के लिए प्रांतीय सरकार ने इस्लामी शरिया कानून लागू करने की अनुमति दी है, परंतु आतंकवादियों ने हथियार डालने के स्थान पर स्वात से बाहर अन्य इलाकों में अपना नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications