दिल्ली झुलसी, लेकिन बुधवार की बनिस्बत कम रहा तापमान (लीड-2)
मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा है, "गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री ऊपर है, फिर भी बुधवार के तापमान से कम है।"
दिल्ली में पिछले पांच दशकों के दौरान पहली बार बुधवार को अप्रैल महीने में इतना अधिक तापमान (43.5 डिग्री) दर्ज किया गया।
तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद दिल्लीवासियों को कोई राहत नहीं मिल पाई। लोग घरों में दुबके रहे। जो बाहर निकले, वे सिर पर छाता लगाए रहे और मुंह पर रुमाल बांधे रहे।
एक पीआर पेशेवर अशिमा वर्मा ने कहा, "दुपट्टे से मुंह बांधे रहने और थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी लेते रहने के बाद भी मैने महसूस किया कि आटो रिक्शा में 20 मिनट की यात्रा के दौरान पूरा शरीर झुलस उठा।"
उधर, आएमडी अधिकारी ने कहा है गर्मी का यह आलम फिलहाल अगले कुछ दिनों तक बना रहने वाला है।
अधिकारी ने कहा, "गर्म हवाएं जारी रहेंगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास बना रहेगा।"
इस बीच गुरुवार को निम्नतम तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया, "बारिश के अभी कोई संकेत नहीं हैं और ऐसे में तापमान और बढ़ सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications