प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवारी बच्चों का खेल नहीं : राजनाथ
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को पार्टी के जिन विभिन्न नेताओं व पदाधिकारियों ने भावी प्रधानमंत्री बताया है, उन्होंने ऐसा बोलने से पहले पार्टी में विचार विमर्श नहीं किया था।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व रणनीतिकारों में शुमार अरुण शौरी, यशवंत सिन्हा, अरुण जेटली, वेंकैया नायडू और रविशंकर प्रसाद द्वारा समय-समय पर मोदी को भावी प्रधानमंत्री के रूप में बताए जाने के संबंध में आईएएनएस ने जब राजनाथ सिंह से पूछा तो उन्होंने कहा, "सवाल ही पैदा नहीं होता। यह क्या बच्चों का खेल है। उन लोगों ने ऐसे ही कह दिया होगा।"
उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले यूं ही नहीं हो जाते हैं। भाजपा देश की बड़ी पार्टी है।
उन्होंने कहा, "आडवाणीजी हमारे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं और आगे भी रहेंगे।"
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के बीच में ही पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण शौरी ने अहमदाबाद में एक संवाददाता सम्मेलन में मोदी को भविष्य का प्रधानमंत्री बताया था। बाद में जेटली, नायडू, प्रसाद और सिन्हा ने भी शौरी की हां में हां मिलाई थी।
गौरतलब है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के मौजूदा उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी हैं। वह जहां भी जाते हैं मोदी और उनके विकास कार्यो की प्रशंसा करने से नहीं चूकते।
मोदी के संदर्भ में पूछे गए एक सवाल के जवाब में आडवाणी ने पिछले दिनों अहमदाबाद में कहा था कि भविष्य में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम पर भी पार्टी के प्रधानमंत्री पद उम्मीदवार के रूप में विचार किया जा सकता है।
आडवाणी ने वहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था, "भाजपा ने धीरे-धीरे और तरीके से दूसरी पंक्ति के नेताओं को तैयार किया है। मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान ने जिस तरह से विकास के शानदार काम किए हैं, उसे देखकर मैं हतप्रभ हूं।"
उन्होंने कहा था, "मोदी भी कुशल प्रशासक हैं। भविष्य में प्रधानमंत्री कौन बनेगा, यह पार्टी तय करेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications