तीसरा चरण: 50 प्रतिशत ने किया मतदान (लीड-4)

नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए गुरुवार को नौ राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 107 लोकसभा सीटों पर संपन्न हुए मतदान में लगभग 50 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान के फौरन बाद किए गए प्रारंभिक आकलन के अनुसार बिहार में 48, दादरा तथा नगर हवेली में 60, दमन एवं दीव में 60, गुजरात में 46 से 49, जम्मू एवं कश्मीर में 25, कर्नाटक में 57, मध्य प्रदेश में 44, महाराष्ट्र में 43 से 45, सिक्किम में 65, उत्तर प्रदेश में 45 और पश्चिम बंगाल में 64 प्रतिशत मतदान हुआ।

गुरुवार को हुए मतदान में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सहित 1567 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गई। सोनिया रायबरेली से चुनाव लड़ रही हैं जबकि आडवाणी गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं।

मतदान के दौरान गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर चुनावी हिंसा की घटनाएं भी हुईं। कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने चुनाव का बहिष्कार किया। गर्म हवाओं का भी मतदान पर असर देखा गया, जिस कारण कई क्षेत्रों में मतदाता घरों से बाहर नहीं निकले।

तीसरे चरण का मतदान संपन्न होने के साथ ही विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की लोकसभा की 543 सीटों में से अब तक 372 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। पहले चरण में 124 और दूसरे चरण में 141 सीटों पर मतदान हुआ था। चौथे और पांचवें चरण में क्रमश: 85 और 86 सीटों पर मतदान होगा।

तीसरे चरण के तहत आज बिहार की 11, गुजरात की 26, जम्मू एवं कश्मीर की एक, कर्नाटक की 11, मध्य प्रदेश की 16, महाराष्ट्र की 10, सिक्किम की एक, उत्तर प्रदेश की 15, पश्चिम बंगाल की 14, दादरा तथा नगर हवेली की एक और दमन एवं दीव की एक संसदीय सीट के लिए मतदान हुआ। सिक्किम में लोकसभा के साथ विधानसभा की 32 सीटों के लिए भी आज मतदान संपन्न हुआ।

आडवाणी ने अहमदाबाद, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री मायावती और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने लखनऊ, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने बिहार के मधेपुरा और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मुंबई में अपने-अपने मताधिकार का उपयोग किया।

मुंबई में कई बॉलीवुड सितारों और उद्योगपतियों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। बांद्रा इलाके में सुबह-सुबह मतदान करने वालों में अभिनेत्री सोनम कपूर, राहुल बोस, सुषमा रेड्डी, अमृता राव, आमिर खान सहित कई फिल्म और टेलीविजन कलाकार शामिल थे।

जिन प्रमुख नेताओं की किस्मत आज इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में आज बंद हो गई उनमें सोनिया व आडवाणी के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह और राम नाइक, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री शंकरसिंह वाघेला, श्रीप्रकाश जायसवाल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता गुरुदास दासगुप्ता, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता बासुदेव आचार्य, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. बंगरप्पा और कन्नड़ फिल्मों के सुपर स्टार एम. एच. अंबरीश शामिल हैं।

मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में पुरुलिया जिले के बलरामपुर इलाके में बारुदी सुरंग विस्फोट में एक जवान घायल हो गया जबकि मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मतदान के दौरान झड़प और गोलीबारी की घटनाएं हुईं जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। गुजरात के गोधरा में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हुई और बिहार के बेगूसराय संसदीय क्षेत्र के एक मतदान केंद्र के बाहर से बम बरामद किया गया।

पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग संसदीय क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद (एबीएवीपी) द्वारा मतदान के बहिष्कार की घोषणा का असर सिलीगुड़ी के रायखोटा एसएसके और बिजलीमोनी टी इस्टेट मतदान केंद्रों पर देखने को मिला जहां एक भी मतदाता वोट देने नहीं निकला। पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह दार्जिलिंग से चुनाव लड़ रहे हैं।

बिहार में मुंगेर संसदीय क्षेत्र के नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड के बंगलवा, महगांवा, सखोल, गोरैया, आजुगंज, जेठकुटिया गांव में करीब एक दर्जन ऐसे मतदान केंद्रों पर पहले छह घंटों में एक भी वोट नहीं डाला जा सका।

मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए तैनात क्षेत्रीय दंडाधिकारी (सेक्टर मजिस्ट्रेट) नरसिंहलाल देव ने पत्रकारों को बताया कि नक्सलियों ने इन क्षेत्रों में चुनाव बहिष्कार का पर्चा चिपकाया था जिसके चलते मतदाता वोट डालने नहीं आए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से मतदान करने का आग्रह भी किया गया परंतु वे नहीं आए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+