भारत के खिलाफ पाकिस्तान का जुनून गैरजरूरी : ओबामा
वाशिंगटन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अमेरिका पाकिस्तान को यह समझाने की कोशिश कर रहा है कि भारत को प्रचंड खतरे के रूप में मानने का उसका जुनून ठीक नहीं है, वह गुमराह किया हुआ है। इसके बदले उसे घरेलू स्तर पर चरमवादियों से उत्पन्न खतरे पर ध्यान देना चाहिए।
ओबामा ने अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को एक प्राइम टाइम संवाददाता सम्मेलन कहा, "आप पिछले कुछ दिनों से देख रहे हैं कि पाकिस्तानी सेना इस बात को महसूस कर रही है कि भारत पाकिस्तान के लिए खतरा नही है, भारत के खिलाफ उसका जुनून पूरी तरह गुमराह किया हुआ है। पाकिस्तान को सबसे बड़ी चुनौती उसके घरेलू स्तर पर है।"
ओबामा ने कहा, "आप देख रहे हैं कि पाकिस्तानी सेना आतंकी चरमपंथियों से उत्पन्न खतरे को ज्यादा गंभीरता से लेती है। हम पाकिस्तान को लगातार समझाना चाहते हैं कि वह उसी दिशा की ओर आगे बढ़े। हम उसे हर संभव सहयोग मुहैया कराएंगे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हम पाकिस्तान की प्रभुसत्ता का सम्मान करना चाहते हैं। हम यह भी समझते हैं कि पाकिस्तान के स्थायित्व के साथ हमारे ढेर सारे रणनीतिक और सुरक्षा हित जुड़े हुए हैं।"
ओबामा ने कहा है कि उन्हें इस बात का पूरा भरोसा है कि अमेरिका इस बात को सुनिश्चित करा सकता है कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार सुरक्षित हैं। पाकिस्तानी सेना इस खतरे को समझती है कि परमाणु हथियार गलत हाथों में जा सकते हैं।
ओबामा ने कहा है कि अमेरिका और पाकिस्तान ने सैन्य स्तर पर मजबूत परामर्श और सहयोग स्थापित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications