तीसरा चरण: सोनिया, आडवाणी सहित कई दिग्गजों का चुनावी भविष्य ईवीएम में बंद (लीड-3)

पंद्रहवी लोकसभा के गठन के लिए गुरुवार को 11 राज्यों की 107 संसदीय सीटों के लिए मतदान संपन्न हुआ। इस चरण में बिहार की 11, गुजरात की 26, जम्मू एवं कश्मीर की एक, कर्नाटक की 11, मध्य प्रदेश की 16, महाराष्ट्र की 10, सिक्किम की एक, उत्तर प्रदेश की 15, पश्चिम बंगाल की 14, दादरा एवं नागर हवेली की एक और दमन दीव की एक संसदीय सीट के लिए आज शाम मतदान संपन्न हुआ। सिक्किम में लोकसभा के साथ विधानसभा की 32 सीटों के लिए भी आज मतदान संपन्न हुआ।

आडवाणी ने अहमदाबाद, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री मायावती और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने लखनऊ, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने बिहार के मधेपुरा और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मुंबई में अपने-अपने मताधिकार का उपयोग किया।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कई बॉलीवुड सितारों और उद्योगपतियों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मुंबई के बांद्रा इलाके में सुबह-सुबह मतदान करने वालों में अभिनेत्री सोनम कपूर, राहुल बोस, सुषमा रेड्डी, अमृता राव, आमिर खान सहित कई फिल्म और टेलीविजन कलाकार शामिल थे।

जिन आला नेताओं की किस्मत ईवीएम में आज बंद हो गई उनमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और जसवंत सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री शंकरसिंह वाघेला, श्रीप्रकाश जायसवाल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रियरंजन दासमुंशी की पत्नी दीपा दासमुंशी, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता गुरुदास दासगुप्ता, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता बासुदेव आचार्य, भाजपा के राम नाइक, कांग्रेस के संजय निरुपम, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. बंगरप्पा और कन्नड़ फिल्मों के सुपर स्टार एम. एच. अंबरीश प्रमुख हैं।

आडवाणी ने अहमदाबाद पश्चिम संसदीय क्षेत्र के शाहपुर क्षेत्र में सुबह 9.30 बजे मतदान करने के बाद कहा, "मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सबसे बड़े गठबंधन के रूप में उभरेगा।" उनके साथ उनकी पत्नी कमला आडवाणी भी मौजूद थीं।

लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री मायावती और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल लिया।

मायावती ने सुबह-सुबह करीब 7.30 बजे मतदान करने के बाद कहा, "मैंने अपने दिन की शुरुआत वोट डालने के साथ की है, जिसके बारे में मैं हमेशा महसूस करती हूं कि मतदान करना हर किसी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।"

उन्होंने कहा, "मैं अपनी सभी जनसभाओं में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से सारे काम छोड़कर पहले वोट डालने को कहती हूं। मैं सिर्फ सलाह ही नहीं देती हूं, खुद उस पर अमल भी करती हूं। इसलिए बिना नाश्ता किए मैंने सबसे पहले वोट डालने का काम किया है।"

राजभवन के सामने बने मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में राजनाथ ने कहा, "पार्टी की ओर से लालकृष्ण आडवाणी ही प्रधानमंत्री पद के इकलौते उम्मीदवार हैं।"

जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने बिहार के मधेपुरा में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वह इस संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार हैं।

मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद कहा कि अगर आज हम अपना वोट नहीं डालेंगे तो इसके लिए पांच वर्षो तक पछताना पड़ेगा।

इस बीच पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर इलाके में कम तीव्रता वाले बारुदी सुरंग विस्फोट में एक जवान घायल हो गया जबकि मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मतदान के दौरान झड़प और गोलीबारी की घटनाएं हुईं जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। गुजरात के गोधरा में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हुई और बिहार के बेगूसराय संसदीय क्षेत्र के एक मतदान केंद्र के बाहर से बम बरामद किया गया।

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग संसदीय क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया।

अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद (एबीएवीपी) द्वारा मतदान के बहिष्कार की घोषणा का असर सिलीगुड़ी के रायखोटा एसएसके और बिजलीमोनी टी इस्टेट मतदान केंद्रों पर देखने को मिला जहां एक भी मतदाता वोट देने नहीं निकला। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह दार्जिलिंग से चुनाव लड़ रहे हैं।

बिहार के मुंगेर संसदीय क्षेत्र के नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड के बंगलवा, महगांवा, सखोल, गोरैया, आजुगंज, जेठकुटिया गांव में करीब एक दर्जन ऐसे मतदान केंद्रों पर पहले छह घंटों में एक भी वोट नहीं डाला जा सका था।

मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए तैनात क्षेत्रीय दंडाधिकारी (सेक्टर मजिस्ट्रेट) नरसिंहलाल देव ने पत्रकारों को बताया कि नक्सलियों ने इन क्षेत्रों में चुनाव बहिष्कार का पर्चा चिपकाया था। जिस कारण मतदाता घरों से निकलकर मतदान केंद्रों तक नहीं आए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से मतदान करने का आग्रह भी किया गया परंतु वे नहीं आए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+