झड़प, गोलीबारी व चुनावी बहिष्कार के बीच तीसरे चरण का मतदान संपन्न
तीसरे चरण में बिहार की 11, गुजरात की 26, जम्मू एवं कश्मीर की एक, कर्नाटक की 11, मध्य प्रदेश की 16, महाराष्ट्र की 10, सिक्किम की एक, उत्तर प्रदेश की 15, पश्चिम बंगाल की 14, दादरा एवं नागर हवेली की एक और दमन दीव की एक संसदीय सीट के लिए आज शाम मतदान संपन्न हुआ।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अहमदाबाद, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री मायावती और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने लखनऊ, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने बिहार के मधेपुरा और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने मुंबई में अपने-अपने मताधिकार का उपयोग किया।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कई बॉलीवुड सितारों और उद्योगपतियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुंबई के बांद्रा इलाके में सुबह-सुबह मतदान करने वालों में अभिनेत्री सोनम कपूर, राहुल बोस, सुषमा रेड्डी, अमृता राव, आमिर खान सहित कई फिल्म और टेलीविजन कलाकार शामिल थे।
जिन आला नेताओं की चुनावी किस्मत इलेक्टॉनिक वोटिंग मशीनों में आज बंद हो गई उनमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और जसवंत सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा, केंद्रीय मंत्री शंकरसिंह वाघेला, श्रीप्रकाश जायसवाल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रियरंजन दासमुंशी की पत्नी दीपा दासमुंशी, जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता गुरुदास दासगुप्ता, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता बासुदेव आचार्य, भाजपा के राम नाइक, कांग्रेस के संजय निरुपम, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस. बंगरप्पा और कन्नड़ फिल्मों के सुपर स्टार एम. एच. अंबरीश प्रमुख हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications