पश्चिम बंगाल में बारुदी सुरंग विस्फोट में जवान घायल, मतदान धीमा
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (कानून और व्यवस्था) राज कनौजिया ने आईएएनएस को बताया कि पुरुलिया के बलरामपुर इलाके में कम तीव्रता वाले बारुदी सुरंग विस्फोट में एक जवान घायल हो गया। जिले में ही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक नेता पर एक अज्ञात हमलावर ने हमला कर दिया।
चुनाव मैदान में कुल 134 उम्मीदवार हैं। नक्सल प्रभावित बांकुरा, पश्चिमी मीदनापुर और पुरुलिया में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर इन इलाकों में गश्त लगा रहे हैं।
पहले चार घंटे में 29 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। पश्चिमी मीदनापुर के नक्सल प्रभावित पिराकाटा वनक्षेत्र में दो संदिग्ध बक्शों के मिलने के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी लेकिन बाद में पता चला कि दोनों बक्शों में पटाखे थे।
राज्य में तीसरे चरण में राजनीतिक दलों के कई प्रमुख नेताओं के चुनावी भाग्य का फैसला होना है। इनमें दार्जलिंग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार जसवंत सिंह, कांग्रेस की दीपा दासमुंशी, माकपा के बिरेश्वर लाहिड़ी और निर्दलीय अब्दुल करीम चौधरी शामिल हैं।
शांतिपूर्ण चुनाव के लिए केंद्रीय बलों की लगभग 220 कपनियां विभिन्न क्षेत्रों में तैनात की गई है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में लोकसभा की 42 सीटें हैं। गुरुवार को जहां 14 सीटों पर मतदान हो रहा है वहीं सात मई को 17 और 13 मई को शेष 11 सीटों पर मतदान होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications