आतंकवादियों के खिलाफ उत्पीड़क उपायों का खुलासा सही कदम नहीं: स्ट्रेटफोर
वाशिंगटन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय खुफिया आकलन कंपनी स्ट्रेटफोर ने कहा है कि संदिग्धों से पूछताछ के लिए अमेरिका द्वारा अपनाए जाने वाले उत्पीड़क उपायों का ओबामा प्रशासन द्वारा खुलासा आतंकवाद के खिलाफ अमेरिकी मुहिम के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है।
ओबामा प्रशासन ने आतंकवादियों और संदिग्धों से पूछताछ के लिए अमेरिकी जांच अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल यातनादायी उपायों की जानकारी वाली चार वर्गीकृत रिपोर्ट जारी की हैं। इनमें बताया गया है कि अमेरिकी अधिकारियों को पूछताछ के लिए ज्यादा सख्त तरीका अपनाने के लिए अधिकृत किया गया था।
स्ट्रेटफोर ने कहा कि इसके सार्वजनिक किए जाने से सबसे अधिक परेशानी उनकी बढ़ेगी जिन्होंने उत्पीड़न की रूपरेखा तैयार की थी।
ओबामा ने वादा किया था कि उनकी सरकार ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी जो कैदियों के उत्पीड़न के लिए जिम्मेवार रहे हैं। इसके बावजूद सरकार ने इस मसले पर चार वर्गीकृत विज्ञप्ति जारी कर इस गोपनीय सूचना को उजागर कर दिया।
इस मसले पर कई नेता मुखर हो गए हैं। सीनेटर पैट्रिक लीही ने मामले की जांच के लिए एक जांच आयोग गठित करने की मांग की है, वहीं सांसद जेरोल्ड नाडलर ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्ट्रेटफोर का कहना है कि मसले के राजनीतिकरण से आतंकवाद विरोधी मुहिम में लगे अधिकारियों का मनोबल गिरेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications